सिरसा, ओढां, डबवाली। जिले में इफको, आईपीएल और उत्तम के केंद्रों पर 2500 एमटी खाद पहुंचने के बाद भी किसानों की अभी तक समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। जिलेभर में खाद केंद्रों के बाहर किसानों की दूसरी दिन भी लंबी कतार लगी रही। जबकि कई स्थानों पर किसानों ने रोष भी प्रकट किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। वीरवार को सुबह से शाम तक केंद्रों के बाहर किसानों की लंबी कतार देखने को मिली।
वहीं ओढ़ा में भी डीएपी की कमी को लेकर किसानों उस समय बवाल खड़ा कर दिया जब उन्होंने कुछ वाहनों मेें अधिक बैग देखे। जिसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया। दरअसल डीएसपी को लेकर ओढां व आसपास के दर्जन भर गांवों के किसान ओढां के इफको केंद्र के बाहर बुधवार रात्रि से ही खाद लेने के लिए एकत्र होने शुरू हो गए। सुबह होते-होते किसानों की भीड़ काफी बढ़ गई। करीब 9 बजे 500 बैग लदा खाद का एक ट्रक बाजार पहुंचा तो खाद लेने वालों की भीड़ टूट पड़ी। जिसके बाद ओढां पुलिस ट्रक को वहां से थाना परिसर में ले आई। उधर खाद के लिए इफको कार्यालय पर कर्मचारियों ने किसानों से आधार कार्ड लेने शुरू कर दिए। उन्होंने कहा कि एक आधार कार्ड पर 2 बैग खाद ही दी जाएगी। किसान कार्यालय से खाद की पर्ची लेकर थाना परिसर में पुलिस के पहरे से खाद लेने पहुंचने लगे। किसानों ने उस समय बवाल खड़ा कर दिया जब उन्होंने कुछ वाहनों में 3 से 4 बैग देखे। उनका आरोप था कि कार्यालय के कर्मचारी अपने चहेतों को अधिक खाद दे रहे हैं। जबकि वे रात्रि से खाद के लिए बैठे हैं। किसानों ने कार्यालय में पर्ची बना रहे सेल्स ऑफिसर अमनदीप सिंह को आड़े हाथों लेते हुुए खूब खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान किसानों व कर्मचारियों में हाथापाई तक की नौबत आ गई। सूचना के बाद थाना प्रभारी काशीराम बैनीवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और किसानों को समझाया। किसानों का ये भी आरोप था कि खाद वितरण में कर्मचारी जान बूझकर समय लगा रहे हैं। ताकि खाद को ब्लैक में बेचा जा सके।
डबवाली में भी सुबह से लाइनों में लगे किसान, मिले डीएपी के दो बैग
वीरवार को नई अनाज मंडी के ए-ब्लॉक में स्थित इफको बाजार के सामने सुबह 6 बजे से ही किसान आना शुरू हो गए और लाइन लगाकर बैठ गए। जबकि डीएपी खाद का वितरण सुबह 10 बजे शुरू किया गया। चार घंटे लाइन में खड़े किसानों को डीएपी खाद के दो-दो बैग दिए गए और कुछ समय बीतने के बाद एक बैग कर दिया गया। इसी प्रकार नई अनाज मंडी में दो-तीन प्राइवेट डीलरों के पास भी डीएपी खाद आई और इन दुकानों के सामने में किसान लंबी कतार में खड़े दिखाई दिए। किसान नेता मिठ्ठू सिंह कंबोज ने बताया कि बीते दिवस उन्होंने एसडीएम डबवाली के नाम तहसीलदार भुवनेश कुमार को मांग पत्र सौंपा था। जिसके बाद उन्होंने शाम तक खाद आने की बात कही थी, लेकिन बाद में टोकन दिए गए और बोला की एक किसान को एक आधार कार्ड पर दो बैग दिए जाएंगे।
खाद लेने के लिए अलसुबह ही लग गए लाइन में, दो बैगों की मिली पर्ची
गोरीवाला। खंड डबवाली के किसानों के लिए डीएपी खाद की किल्लत वीरवार को भी देखने को मिली। डीएपी लेने के लिए किसान हैफेड की दुकान के आगे देर रात से ही आकर बैठ गए। किसान मिट्ठू कंबोज, प्रवीण कंबोज, नवीन, कृष्ण कुमार, अमीचंद, सुनील कुमार, जगदीश चंद्र व ठडू राम ने बताया कि काफी दिनों के आश्वासन के बाद विगत दिवस डीएपी खाद के रैक लगने आश्वासन कर्मचारियों द्वारा दिया गया। जैसे ही किसानों को खाद आने के बारे में पता चला तो वे देर रात्रि से ही डबवाली की ओर हैफेड दुकान व निजी दुकानों के आगे लाइनों में लगकर बैठ गए। कर्मचारी व दुकानदार आए तो उन्होंने प्रत्येक किसान को केवल दो बैग डीएपी खाद की पर्ची जारी की।
दो पर्ची मिलने पर किसानों ने आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ दोगला रवैया अपना रही है। जहां किसान के साथ एमएसपी को लेकर खिलवाड़ किया जा रहा है, वहीं डीएपी के लिए उन्हें दर-दर भटकने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन व प्रशासन को बिजाई के समय के दौरान डीएपी उपलब्ध करवानी चाहिए, जिससे वे गेहूं की बिजाई सुचारु रूप से कर पाएं।
खाद आवंटन को लेकर हंगामा, दोपहर बाद बांटी जा सकी
डिंग मंडी। इफको केंद्र में गुरुवार को पहले दिन दिए कूपन के तहत डीएपी खाद वितरण का कार्य जारी रहा। किसान सुबह पांच बजे से लाइन में लगने शुरू हो गए थे। वीरवार को जो कूपन दिए गए थे उन्हीं को डीएपी खाद दी गई। खाद लेने के लिए सुबह महिलाएं भी पहुंची हुई थी। पहले दिन सभी किसानों को कूपन दिए गए थे, लेकिन उनमें से कुछ किसान इफको केेंद्र नहीं पहुंच तो किसान बचे हुए स्टॉक में खाद लेने की जिद करते रहे।
गांव जोधकां से पहुंची सावित्री देवी डीएपी खाद लेने की जिद अड़ गई। लेकिन केंद्र के संचालक गुरदयाल सिंह व कृषि विभाग के अधिकारी एडीओ राजेंद्र बार बार समझाते रहे कि पूरे स्टॉक के मुताबिक कूपन काटे हुए हैं। पहले उनको दिया जाएगा लेकिन इस बात पर किसान अड़ गए और हंगामा कर दिया। इसी शोर शराबे के बीच कृषि अधिकारी व इफको केंद्र के संचालक किसानों को समझाते रहे लेकिन किसानों ने अधिकारियों की कोई बात नहीं सुनी। किसानों की जिद को देखकर केंद्र संचालक ने खाद आवंटन से मना कर। इसके बाद दोपहर बाद बची हुई खाद देने का निर्णय लिया गया। शेष स्टॉक के नए कूपन जारी कर मौके पर मौजूद किसानों को दो बैग प्रति किसान खाद वितरित की गई। वहीं कुछ किसान स्टॉक खत्म होने के बाद भी केंद्र पर खाद की मांग को लेकर खड़े रहे।
डीएपी लेने के लिए केंद्र के बाहर लाइन में लगे किसान और तैनात पुलिस बल। - फोटो : Sirsa
डीएपी लेने के लिए लाइन में लगे किसान। - फोटो : Sirsa
डबवाली में खाद लेने के लिए लाइन में लगे किसान। - फोटो : Sirsa
रोष जताने के बाद किसानों को समझाते पुलिस कर्मी। - फोटो : Sirsa
ओढां में डीएपी खाद के वितरण के दौरान तैनात पुलिस बल। - फोटो : Sirsa