सिरसा। किसान आंदोलन के चलते बीते 15 दिनों से बंद डबवाली हाईवे को पुलिस प्रशासन ने खोला। मंगलवार को दाेपहर बाद हाईवे के वन-वे खुलते ही आने जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिससे दिनभर घग्गर पुल पर एक किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। वहीं हाईवे खुलने से आसपास के गांव वालों व आने जाने वालों ने राहत की सांस ली।
डबवाली हाईवे पर गांव खैरेकां के पास घग्गर पर बने पुल को किसान आंदोलन के दौरान पूरी तरह से बंद किया गया था ताकि पंजाब से आने वाले किसानों को दिल्ली जाने से रोका जा सके। पुल बंद होने से डबवाली व इसके आसपास के गांवों के लोगों को 15 से 20 किलोमीटर की अतिरिक्त दुरी तय कर के सिरसा से डबवाली आना जाना करना पड़ रहा था। वहीं इससे आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
वहीं बीते दिन सोमवार को घग्गर के उपर बने रेलवे ट्रेक पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी। जिससे जिला प्रशासन के हाथ पांव फूल गए थे। सोमवार को ट्रेन हादसे के तुरंत बाद ही पुलिस प्रशासन ने डबवाली हाईवे को खोलना शुरू कर दिया। नाका मजबूत होने के कारण 24 घंटे का समय बीतने के बाद भी मंगलवार को दोपहर तक हाईवे को वनवे ही किया जा सका। हाइवे खुलने की जानकारी आसपास के गांवों के लोगों को जैसे ही मिली, लोगों ने शहर की ओर रूख करना शुरू कर दिया। वाहनों की अधिकता के कारण दिनभर पुल पर जाम की स्थिति बनी रही।