संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नशामुक्ति का संदेश देने के लिए प्रदेश में निकाली जा रही साइक्लोथॉन यात्रा के लिए जिला प्रशासन ने रूट प्लान जारी कर दिया गया है। यह यात्रा 26 अप्रैल को फतेहाबाद की सीमा से सिरसा जिले में प्रवेश करेगी और 27 अप्रैल को ओढां में सम्पन्न होगी। जिला प्रशासन ने रूट के सभी हिस्सों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
साइक्लोथॉन राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-9 पर स्थित डिंग से जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा पतली डाबर, डिंग मोड़, मोजुखेड़ा, जोधकां, भावदीन, संगरसरिस्ता, ढाणी रामपुरा, सुचान-कोटली, बाजेकां से होती हुई दिल्ली पुल के माध्यम से शहर में प्रवेश करेगी।
शहर में यात्रा हुडा सेक्टर 19 की ग्रीन बेल्ट, सेक्टर 19 और 20 की आंतरिक सड़कों से होते हुए अजय विहार मोड़, महिला थाना, सदर थाना, दक्ष प्रजापत रोड के रास्ते शहीद भगत सिंह स्टेडियम पहुंचेगी।
दूसरा दिन 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 6 बजे शहीद भगत सिंह स्टेडियम से साइक्लोथॉन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद साइक्लोथॉन बाबा भूमणशाह चौक, टी-प्वाइंट बस स्टैंड, डॉ. आंबेडकर चौक, लाल बत्ती चौक, सांगवान चौक, अरोड़वंश चौक से होते हुए खैरेकां, पंजुआना, साहुवाला प्रथम, छतरियां, बड़ागुढा, दौलतपुरखेड़ा, लक्कड़ांवाली, ख्योवाली के रास्ते ओढ़ां पहुंचेगी।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, भाग लेने के लिए पंजीकरण करवाएं
अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने साइक्लोथॉन के सफल आयोजन के लिए वीरवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, बैंक और पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को साइक्लोथॉन के रूट की योजना के अनुसार व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों की जो जिम्मेदारी साइक्लोथॉन की तैयारियों को लेकर तय की गई है, वे उन्हें समय रहते पूरा करें। इसके साथ ही अपने अधीनस्थ सभी कर्मचारियों का साइक्लोथॉन में भाग लेने के लिए पंजीकरण करवाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी हो। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने साइक्लोथॉन के रूट पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पीने के पानी व मेडिकल व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।