शहर के सबसे पॉश इलाके हुडा सेक्टर 20 में रहने वाले एक डॉक्टर के घर चोरों ने सेंध लगा कर लाखों के जेवरात चुरा लिए। घटना की सूचना मिलने पर हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान मालिक डॉक्टर गुरमेल सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घटना की खास बात यह है कि चोर घर में रखा हर कीमती सामान ले जाना चाहते थे और इन्होंने एलईडी से लेकर डीवीडी तक कंबल से बांध लिया, लेकिन सामान भारी होने के कारण वे इन्हेें सीढ़ियों पर ही छोड़कर चले गए। पुलिस ने जांच शुरू कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।
शहर की जेजे कॉलोनी स्थित नर्सिंग होम के संचालक डॉक्टर गुरमेल सिंह का हुडा सेक्टर 20 में घर है। उनकी पत्नी रानियां राजकीय अस्पताल में नर्स है। पिछले कई दिनों से उनकी पत्नी की सेहत खराब चल रही है, जिसके चलते बुधवार सुबह डॉ. गुरमेल सिंह अपनी को उपचार के लिए डबवाली रोड स्थित एक अस्पताल में ले गए।
डॉ. गुरमेल का कहना है कि रात को अस्पताल से छुट्टी लेकर वो पत्नी संग घर लौट रहे थे कि इसी बीच खैरपुर में रहने वाली साली का फोन आया। उसने कहा कि दीदी की सेहत ठीक नहीं है, ऐेसे में दीदी को लेकर उनके घर आ जाओ। साली के कहने पर डॉ. गुरमेल पत्नी संग वहां चले गए। रात करीब साढ़े नौ बजे डॉ. गुरमेल सेक्टर 20 अपने घर आए। कुछ मिनट घर पर रुकने के बाद वे वापस साली के घर चले गए।
इसके बाद देर रात चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए और दरवाजे पर लगा ताला तोड़ दिया। चोरों ने अलमारी में रखे जेवर और पांच हजार की नकदी चुरा ली। इसके बाद चोरों ने घर में रखे अन्य कीमती सामान को चुराने की भी साजिश रची। उन्होंने बड़ी सी चादर में दीवार पर टंगी एलईडी और डीवीडी लपेट ली।
सामान काफी भारी होने के कारण चोर इसके साथ दीवार नहीं फांद सके। ऐसे में चोरों ने एलईडी और डीवीडी को सीढ़ियों पर ही छोड़ दिया और लाखों के जेवरात और नकदी लेकर चंपत हो गए। वीरवार सुबह डॉ. गुरमेल सिंह पत्नी संग घर लौटे तो अंदर का दृश्य देकर हैरान हो गए। सारा सामान बिखरा पड़ा और अलमारी से जेवरात गायब थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। हुडा चौकी प्रभारी अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
हुडा चौकी इंचार्ज अशोक कुमार कहना है कि डॉक्टर गुरमेल की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों की संख्या एक से ज्यादा थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।