घर से सिलाई सेंटर जा रही एक किशोरी का कुछ युवकों ने अपहरण कर लिया। किशोरी की मां ने पुलिस थाने में शिकायत दी जिसके आधार पर पुलिस न तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। शुरूआती तौर पर पता चला है कि किशोरी का अपहरण पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए किया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव कुत्ताबढ़ निवासी महिला की नाबालिग बेटी गांव में स्थित सेंटर में सिलाई सीखने जाती है। महिला का कहना है कि गत दिवस उसकी बेटी घर से सिलाई सेंटर गई थी। उसके बाद वह वापस नहीं लौटी, परिवार वालों ने उसकी हर जगह तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शाम को कुछ लोगों ने बताया कि तीन युवक उसकी बेटी को ले जा रहे थे। परिवार वालों ने पड़ताल की तो पता चला कि कुत्ताबढ़ निवासी बबीया, रामपाल व ओम प्रकाश ने उसकी बेटी का अपहरण किया है।
सरपंच प्रदीप कुमार का कहना है कि कुछ समय पहले महिला का बबिया के परिवार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते बदले की भावना से किशोरी के अपहरण की साजिश रची गई। रविवार शाम को ही पुलिस को घटना की शिकायत दी गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी को जल्द ही अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़वा लिया जाएगा। अपहरणकर्ताओं के मोबाइल की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।