हरियाणा के सिरसा में जिला जेल में बैरक नंबर 11 के बाथरूम में टूटी हुई एयरटेल कंपनी की ओर बैरक नंबर 15 से बीएसएनएल कंपनी की सिम बरामद हुई है। जेल कर्मचारियों ने इस मामले की सूचना हूडा पुलिस चौकी को दी है। पुलिस ने मनप्रीत उर्फ मन्ना व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कॉल डिटेल निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जेल उपाधीक्षक मोहन सिंह ने बताया कि 21 मार्च को बैरक नंबर 11ए में हवालाती बलकार सिंह निवासी गांव नीवाला मोरिका, मोहनलाल निवासी अहमदपुर दारेवाला बंद थे। बैरक इंचार्ज वार्डर देवीलाल को दोनों बंदियों के बाथरूम से एयरटेल कंपनी की टूटी हुई सिम बरामद हुई। देवीलाल दोनों को लेकर कार्यालय आया। हवालाती बलकार सिंह व कैदी मोहन लाल से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि यह सिम बाथरूम में रखी हुई झाड़ू को उठाने पर मिली।
यह भी पढ़ें ः शादी का झांसा देकर दुष्कर्म: फेसबुक पर हुई दोस्ती, होटल में मांग भर बनाए शारीरिक संबंध, बाद में पता चला कि एक बच्चे का है बाप
बैरक में सिम कार्ड मिलने पर दोपहर 1 बजे ड्यूटी पर आने वाली गार्द व पहले से ड्यूटी पर तैनात वार्डर गार्द से बैरक नंबर 11 की गहनता से तलाशी करवाई गई। तलाशी के दौरान बैरक नंबर 11 से कोई मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ। इस दौरान अन्य बंदियों से पूछताछ की गई। इस दौरान दीपक कुमार उर्फ दीपू निवासी खैरपुर सिरसा से पूछताछ करने पर उसने बैरक नंबर 15ए में बंद कैदी मनप्रीत उर्फ मन्ना के पास एक और सिम होने बारे बताया।
इसके पश्चात कैदी मनप्रीत उर्फ मन्ना निवासी वार्ड 3 रानियां से एक बीएसएनएल की 4जी की सिम बरामद की गई। इसके बाद उसके बैरक की गहनता से तलाशी ली गई, लेकिन कोई अवैध वस्तु या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ। इसके बाद हूडा पुलिस चौकी को सिम मिलने संबंधी सूचित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।