कार की चपेट में आने से स्कूटी चालक को चोट लगने पर गुस्साए लोगों ने सुरखाब चौक पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया जब जाकर जाम खुला।
कार सवार फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है जबकि घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सायं को सुरखाब चौक के पास एमसी कॉलोनी निवासी राजुकमार जा रहा था।एक कार ने स्कूटी को साइड मार दी जिससे राजकुमार के चोट आ गई।
इस दौरान कार में सवार और स्कूटी चालक में हाथापाई भी हुई। लोगों ने जब कार सवारों को घेरने का प्रयास किया तो वे कार छोड़ कर भाग गए। लोगों ने सुरखाब चौक पर जाम लगा दिया।
इसके बाद इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को जाम खोलने की बात कही पर लोग नहीं माने। आखिरकार कार्रवाई का आश्वासन देकर कार को थाने ले जाने पर लोगों ने जाम खोला।
करीब 20 मिनट तक जाम लगने से हाइवे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम के कारण चाहन चालकों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कार पंजाब नंबर की है।
पुलिस ने कार के नंबरों के आधार पर पड़ताल शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था। घायल राजकुमार को लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसका उपचार जारी है।