सिरसा के गांव बडागुढ़ा में सेवानिवृत्त फौजी ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह खुद ही थाने में पहुंचकर पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। पुलिस को उसने बताया कि पत्नी को मार डाला है। पुलिस ने मृतका के आरोपी पति और दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने मृतका के पति गुरमेल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
सेवानिवृत्त फौजी गुरमेल सिंह (52) ने लवप्रीत कौर से दूसरी शादी की थी। पत्नी के चरित्र पर अक्सर वह संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़ा होता था। दोनों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए परिवार के सदस्यों ने कई बार पंचायत भी बुलाई। इसके बावजूद दोनों के बीच कोई सुलह की बात नहीं बन सकी। लवप्रीत कौर ने अपने पति गुरदेव सिंह के खिलाफ मारपीट का मुकदमा भी दर्ज करा रखा है। सोमवार रात पति और पत्नी के बीच कहासुनी हो गई।
मंगलवार अलसुबह लवप्रीत कौर किसी से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान तैश में आकर उसके पति ने कुल्हाड़ी से लवप्रीत कौर के गले पर ताबड़तोड़ चार बार वार कर उसे काट डाला। महिला की मौके पर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बडागुढ़ा थाने में पहुंचकर पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया।
उसने पुलिस को बताया कि पत्नी का मर्डर कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के साथ उसके घर जाकर देखा, तो आंगन में उसकी पत्नी का रक्तरंजित शव पड़ा था। थाना प्रभारी जयभगवान ने वारदात स्थल का जायजा लेते हुए मृतका के मायके गांव गहरी बुट्टर में सूचना दी। पुलिस ने मृतका के पिता गुरदेव सिंह के बयान पर आरोपी गुरमेल सिंह और दो अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मृतका के पिता के बयान पर गुरमेल सिंह और दो अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है कि इस वारदात को अकेले गुरमेल सिंह ने अंजाम दिया या दो अन्य लोगों की इसमें कोई संलिप्तता हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। - जयभगवान, थाना प्रभारी बडागुढ़ा।
13 वर्ष पूर्व हुई थी पहली पत्नी की मौत
बडागुढ़ा (सिरसा)। बडागुढ़ा निवासी करीब सेवानिवृत्त फौजी गुरमेल सिंह की पत्नी की करीब 13 वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। उससे उसके दो बेटे हैं। इसके बाद गुरमेल सिंह ने पंजाब के गांव गहरी बुट्टर निवासी लवप्रीत कौर के साथ दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी लवप्रीत कौर से गुरमेल सिंह का करीब 12 वर्षीय एक बेटा है। शादी के बाद गुरमेल सिंह अपनी पत्नी के साथ दोनों बेटे से अलग रहने लग गया। शादी के कुछ समय बाद गुरमेल सिंह लवप्रीत कौर के चरित्र पर संदेह करने लग गया।