हरियाणा के सिरसा जिले के गांव सादेवाला में भांग के नशे के दौरान हुए विवाद में दोस्तों ने बालक अरुण (11) की कस्सी से वारकर हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद दोस्तों ने शव को ढूडियांवाली स्थित खेत में दबा दिया। पुलिस ने नाबालिग सहित दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव को गड्ढे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक थाना रानियां के गांव सादेवाला निवासी अरुण (11) सोमवार शाम को दोस्तों के साथ बाइक से ढूडियांवाली स्थित खेत में चला गया था। मंगलवार की सुबह तक बेटे के नहीं लौटने पर परिजनों को अनहोनी की चिंता सताने लगी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस बीच राकेश ने पिता सूचा सिंह को बताया कि अरुण दोस्तों के साथ बाइक से कहीं गया था। उसे जाते हुए मैने देखा है।
इसके बाद उसे कोई जानकारी नहीं है। इस पर परिजनों ने पुलिस को बालक के लापता होने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने शक के आधार पर अरुण के दोस्तों से पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने बालक की हत्या की बात को कुबूल कर लिया। खेत में ही उसका शव दबाए जाने की पुलिस को जानकारी दी।
आरोपियों ने बताया कि नशा करने के दौरान आपस में विवाद हो जाने के कारण ही वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद प्रशासन की ओर से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। उनकी देखरेख में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बालक के शव को गड्ढे से बाहर निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेजा।
वारदात के दौरान मजदूरी करने गए थे पिता
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के पिता सूचा सिंह ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। उनकी पत्नी व उसका बड़ा बेटा राकेश मनरेगा के तहत काम करने गए थे। घर पर छोटा बेटा अरुण अकेला ही था। शाम को उसका बेटा अरुण घर पर नहीं था। पता किए जाने पर बड़े बेटे राकेश ने उन्हें बताया कि अरुण को दोस्तों के साथ गया है। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों के घर पूछने गया, लेकिन वहां वह नहीं मिला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और गांव में सोमवार की शाम अपने बेटे की गुमशुदगी की मुनादी भी कराई।
मृत बालक के पिता की शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से भांग का नशा किए जाने की भी जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति में बालक के शव को बाहर निकाला गया है। - विक्रम सिंह, थाना प्रभारी, रानियां।