नगर परिषद में हुए घपलों की जांच करने विजिलेंस की दो सदस्यीय टीम एक बार फिर शुक्रवार की सायं नगर परिषद कार्यालय पहुंची।
टीम ने कूड़ा करकट प्रबंधन के तहत खरीदे गए सामान के डाले गए फर्जी बिल व अन्य निमार्ण कार्यों में की गई अनियमितताओं से संबंधित दस्तावेजों की जांच की तथा नप अधिकारियों व शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए।
इससे पूर्व भी टीम नप कार्यालय में अनेक बार दस्तक दे चुकी है। टीम का नेतृत्व कर रहे विजिलेंस विभाग के सब इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह व एएसआई मलकीत सिंह अधिकारियों के बयान दर्ज किए।
इस संबंध में एसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि ठेकेदार भोलाराम शर्मा द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर 11 बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कूड़ा करकट प्रबंधन के तहत थ्री-व्हीलर, हाईड्रोलिक ट्रॉली, रिफ्यूज कंपेक्टर व डस्टबिन की खरीद में फर्जीवाड़ा, बंदर पकडना तथा डी-प्लॉन के तहत हुए निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए थे।
टीम द्वारा समय-समय पर जांच की जा रही है। शुक्रवार को कूड़ा करकट प्रबंधन की कोटेशन व अन्य बिलों की जांच की गई है।
जेई सतपाल व पूर्व एक्सईएन रमेश कंबोज के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी कई मुद्दों पर जांच शेष है जिसे जल्द पूरा कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भिजवा दी जाएगी।