हरियाणा के सिरसा के डबवाली के गांव गिंदड़खेड़ा में जमीन विवाद को लेकर पति ने शनिवार रात को अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच जमीन बेचने को लेकर विवाद चल रहा था और इसी को लेकर उसने अपनी पत्नी की हत्या की है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार गांव गिंदड़खेड़ा निवासी धर्मपाल और उसकी पत्नी के बीच पिछले काफी दिनों से अनबन चल रही थी। धर्मपाल अपनी जमीन को बेचना चाहता था, पत्नी इस फैसले के खिलाफ थी। इस वजह से दोनों में अनबन रहती थी। दोनों गांव के जलघर के समीप स्थित ढाणी में अलग-अलग कमरों में रहते थे।
शनिवार रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हो गया। तैश में आकर धर्मपाल ने अपनी पत्नी 44 वर्षीय राजबाला की कुल्हाड़ी से हमला करके जान ले ली। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। डबवाली सदर थाना पुलिस ने मृतका के बेटे विकास के बयान पर पिता धर्मपाल के खिलाफ केस दर्ज किया है।