होली का रंग उतारने के लिए संगरिया की सादुल ब्रांच नहर में नहाने उतरा गांव चौटाला का एक बालक अपने साथी समेत डूब गया जबकि तीन अन्य को एक दंपति ने हिम्मत करके बचा लिया। तीनों डूब रहे अपने साथियों को बचाने का प्रयास कर रहे थे। संगरिया पुलिस दोनों शवों को नहर में तलाश कर रही है।
वीरवार को गांव चौटाला से कुछ दूरी पर स्थित भाखड़ा नहर की सादुल ब्रांच पर होली खेलने के बाद काफी संख्या में युवा इकट्ठे हुए थे। कुछ युवा नहर में कूदकर मस्ती कर रहे थे। नाबालिगों की तादाद भी काफी थी। इसी दौरान एक बच्चा और एक युवक पानी के बहाव में बह गया। कुछ युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया। वे भी डूबने लगे।
इसी दौरान नहर किनारे रहने वाले बिंद्र सिंह ने बच्चों के डूबने का शोर मचा दिया। खेत में कार्य कर लौट रहे दंपति शोर सुनकर मौके पर पहुंचे। महिला ने अपनी चुनरी उतारकर नहर में फेंकी। चुनरी की सहायता से उसके पति ने डूब रहे तीन लोगों को बाहर निकाला। जबकि एक बच्चा तथा युवक डूब गए। बाहर निकले लोगों अपनी पहचान संगरिया निवासी राकेश गोदारा, गोविंद कुमार, गांव चौटाला निवासी गोविंद सिंह के रूप में बताई। युवकों ने नहर में डूबे बालक की पहचान पंद्रह वर्षीय कालू राम निवासी कांकरिया वास मोहल्ला, चौटाला तथा संगरिया निवासी 24 वर्षीय सोनू ग्रोवर के रूप में करवाई।
मृतक कालू राम नौवीं कक्षा का छात्र था। जो अपने मित्रों के साथ ननिहाल बोलांवाली में रंग खेलने के बाद नहर पर नहाने के लिए आया था। जबकि सोनू वेटर का काम करता था। जैसे ही सादुल ब्रांच में दोनों के डूबने की सूचना मिली तो संगरिया तथा चौटाला में माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पाकर संगरिया थाना प्रभारी मोहर सिंह पूनियां पहुंचे। गांव सूरेवाला तथा तलवाड़ा के गोताखोरों ने दोनों को नहर में डूबने के लिए कड़ी मशक्कत की। लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। एएसआई मघर सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल तथा परिजन दोनों को नहर में तलाशने में लगे हुए हैं।
पटरी पर मिली शराब की बोतलें
घटना के बाद नहर की पटरी पर पड़ी शराब और बीयर की बोतलें व खाद्य पदार्थों को देखकर लोगों की जुबां पर यही था कि नशा ही जीवन का सबसे बड़ा जुर्म है। चूंकि मौज-मस्ती व नशे में युवक अपने आपको संभाल नहीं सके। संभवत: नशा नहीं किया होता तो वे बाहर निकल जाते।
रंग से सराबोर युवकों की टोलियां रंग छुड़ाने व मौज मस्ती के लिए नहर की पटरी पर बैठे हुए थे। कुछ नहर में नहा रहे थे। इसी दौरान उपरोक्त हादसा हुआ। नहर में डूबे कालूराम तथा सोनू के शव तलाशे जा रहे हैं।
-मोहर सिंह पूनियां, प्रभारी, थाना संगरिया