हरियाणा के सिरसा में बडागुढ़ा स्थित किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर देर रात को तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। बदमाश हाथों में तलवार और कापे लेकर पंप के केबिन में पहुंचे और संचालकों व कारिंदे की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। संचालक और कारिंदे ने बदमाशों के साथ मुकाबला किया तो बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी अनुसार बीती मंगलवार देर रात को हथियारों से लैस तीन नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर बडागुढ़ा में स्थित किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे। पेट्रोल पंप के केबिन में संचालक हरदेव सिंह, उसकी पत्नी रतन कौर, बेटा हरपाल सिंह और कारिंदा सुभाष कैश का मिलान कर रहे थे।
उनके पास करीब 10 हजार की नकदी थी। रात 7.42 बजे तीनों बदमाश हाथ में कापे व तलवार लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंच गए। दो बदमाशों ने केबिन में पहुंचते ही संचालक व अन्य सदस्यों की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। गनीमत रही कि हरपाल सिंह के आंखों पर चश्मा होने और कारिंदे की ओर से टोपी पहने होने के कारण मिर्ची उनकी आंखों में नहीं गई।
तभी कारिंदे सुभाष कुमार ने एक बदमाश के हाथ से कापा खोंसने का प्रयास किया तो बदमाश ने उसकी आंखों में भी मिर्ची पाउडर डाल दिया। कारिंदे व संचालकों ने अपने बचाव के लिए बदमाशों पर कुर्सियां चलानी शुरू कर दी तो बदमाश मौके से भाग गए।
पीड़ितों ने तुरंत मामले की सूचना बडागुढ़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।