फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परिजनों ने लगाया टीम सदस्यों पर मामले को रफा-दफा करने की एवज में 10 लाख रूपये मांगने का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली। वार्ड 16 में शनिवार सुबह इनकम टैक्स विभाग व सीआईए स्टाफ सिरसा की संयुक्त टीम ने एक आर्टिफिशियल ज्वेलरी का कार्य करने वाले व्यक्ति के घर पर छापामारी की। टीम ने सुबह करीब आठ बजे कार्रवाई की और एकाएक घर में घुस गए। टीम की अचानक छापामारी से मकान मालिक 60 वर्षीय शगन लाल अचानक चक्कर खाकर नीचे गिर गए और बेसुध हो गया। परिजनों ने उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटनाक्रम के बाद टीम सदस्यों ने मृतक के परिजनों को सिरसा आने का समय दिया और वहां से रवाना हो गए। उसकी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। शगन लाल की मौत से गुस्साए लोगों ने सिविल अस्पताल में धरना दिया और कार्रवाई के विरोध में रोष जताया। इस मौके पर आकर डीएसपी किशोरी लाल ने उन्हें समझाकर पोस्टमार्टम के लिए राजी किया। शाम को मृतक का दाह संस्कार किया गया।
मृतक शगन लाल सोनी के बेटे लवली सोनी ने बताया कि सुबह अचानक ही कुछ लोग उनके घर आ धमके जो अपने आप को इनकम टैक्स व सीआईए स्टाफ सिरसा के कर्मचारी बता रहे थे। उन्होंने बिना सर्च वारंट के उनके घर पर दबिश दी और घर की तलाशी शुरू कर दी। जब उन्होंने इस बाबत एतराज जताया तो उक्त लोगों ने उसके पिता व अन्य परिजनों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए दुर्व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि उसके पिता शगन लाल सोनी ने टीम के समक्ष कहा कि वह आर्टिफिशियल ज्वेलरी का काम ईमानदारी से करता है, किसी तरह का कोई गैरकानूनी काम नहीं करता, लेकिन टीम ने उनकी एक नहीं सुनी । उन्होंने कहा कि वह 11 बजे तक हिसार रोड पर स्थित उनके कार्यालय में पहुंच जाएं। वर्ना उसको इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। अगर वह इस मामले को रफादफा करना चाहते हैं तो वह इसका भी हल निकाल सकते हैं। लवली सोनी ने बताया कि टीम सदस्यों ने इसकी एवज में कथित तौर पर दस लाख रुपये की मांग की थी। यह सुनकर उनके पिता को चक्कर आ गया जिसके बाद टीम वहां से चली गई। उन्होंने अपने पिता को संभाला और उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर शगन लाल सोनी के अन्य परिजनों व स्वर्णकार संघ के सदस्यों को मिली तो वह सामान्य अस्पताल में एकत्रित होना शुरू हो गए। इसके अलावा सूचना पाकर राजनीतिक दलों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी सामान्य अस्पताल पहुंच गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


लोगों ने अस्पताल में दिया धरना
लोग सिविल अस्पताल में धरने पर बैठ गए। सूचना पाकर शहर पुलिस के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे लेकिन पारिवारिक सदस्य व अन्य लोगों ने पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। सूचना मिलने के बाद डीएसपी किशोरी लाल धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने आश्वासन दिया कि वह मामले की तह तक जाएंगे और निष्पक्ष तौर पर पूरे प्रकरण की जांच करवाई जाएंगी और इसमें जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार हुए। घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री हरियाणा के पूर्व ओएसडी डॉ. केवी सिंह, मार्केट कमेटी चेयरमैन बलदेव सिंह मांगेआना, कच्चा आढ़तिया एसोसिएशन के प्रधान टेक चंद छाबड़ा, सचिव गुरदीप कामरा दर्दी व अन्य व्यक्तियों ने मौके पर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाया। इस संबंध में स्वर्णकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिंह कंडा ने बताया कि शगन लाल सोनी एक स्वच्छ छवि के व्यक्ति थे उन पर अवैध काम करने का आरोप लगाना निराधार व बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि टीम सदस्यों की गलत कार्रवाई से ही शगन लाल की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उक्त टीम के सदस्यों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। अगर उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई तो स्वर्णकार संघ धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होगा। जिसकी सारी जिम्मेदार पुलिस प्रशासन की होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें