सिख परिवार से हिसार में हुई बदसलूकी पर जताया रोष
डबवाली। शनिवार को जीटी रोड स्थित विश्वकर्मा गुरुद्वारा मंदिर प्रांगण में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की ओर से एक बैठक बुलाई गई। जिसमें आसपास की तमाम जत्थेबंदियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य जसवीर सिंह भाटी ने की। बैठक में 16 अगस्त को जिला हिसार में असामाजिक गुंडातत्वों द्वारा एक सिख परिवार के साथ बदसलूकी और केशों की बेअदबी की घटना को लेकर गहरा रोष जताया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि पुलिस तथाकथित आरोपितों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में नहीं लाती तो 20 अगस्त को प्रात: 9 बजे विश्वकर्मा गुरुद्वारा मंदिर प्रांगण में एकत्रित होकर शहर में रोष मार्च निकाला जाएगा। रोष मार्च के बाद एसडीएम की मार्फत मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम एक मांग पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने तमाम जत्थेबंदियों से आह्वान किया कि समयानुसार पहुंचकर रोष मार्च में शामिल हों। ताकि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जा सके। इस मौके पर अमरजीत सिंह पन्नीवाला मोरिका, वकील सिंह बराड़, गुरचरण सिंह, जगराज सिंह, गुरविंदर सिंह, दर्शन सिंह, भूपिंदर पाल सिंह, गुरतेज सिंह, गुरजीत सिंह, अमरजीत सिंह, गुरलाल सिंह, दर्शन सिंह, रणजीत सिंह, ठाना सिंह, महिंदर सिंह, शिवराज सिंह, शविंदर सिंह, महिंदर सिंह मौजूद रहे।