बाइक सवार स्नेचरों ने युवक से छीने दस हजार रुपये
दो युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, 24 घंटे में गिरोह का सरगना सहित दोनों लुटेरे गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
सांगवान चौक पर बाइक सवार दो युवकों ने एक युवक की जेब से दस हजार रुपये छीने और फरार हो गए। युवक ने शोर मचाया, लेकिन स्नेचर तेज गति से बाइक चलाकर एक दम से ओझल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित युवक का बयान दर्ज किया।
शहर की प्रमार्थ कॉलोनी गली नंबर एक निवासी शिवा सेठी शुक्रवार शाम को सांगवान चौक स्थित एक बैंक में गया। उसने अपने खाते से दस हजार रुपये निकलवाए और बाइक पर सवार होकर घर की ओर रवाना हो गया। शिवा सेठी का कहना है कि सांगवान चौक के पास ही सामने से एक बाइक पर सवार दो युवक उसके पास आए। उक्त युवकों ने एकदम से उसकी शर्ट की जेब में पड़े दस हजार रुपये छीने और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। शिवा सेठी का कहना है कि बाइक चालक ने स्लेटी रंग की शर्ट, सफेद रंग की पैंट पहन रखी थी, जबकि पीछे बैठे युवक ने हरे रंग की शर्ट और नीले रंग की जींस पहनी थी। दोनों युवक पर डबवाली की तरफ भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित शिवा सेठी का बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
हत्थे चढ़ा गिरोह का सरगना बाबू लाल सांसी
वारदात के बाद शहर थाना इंजार्च इंस्पेक्टर राम सिंह ने लुटेरों की धरपकड़ शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरों से यह पता चला कि लुटेरे डबवाली की तरफ गए जरूर, लेकिन थोड़ी दूर जाकर वे रेलवे कॉलोनी की तरफ मुड़ गए। लोगों से पूछताछ करके जानकारी जुटाई तो वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरों का पता चल गया। पुलिस ने उनके ठिकाने पर रेड मारकर सुभाष बस्ती निवासी बाबू लाल सांसी और उसके गुर्गे मनोज और जसपाल को दबोच लिया। शहर थाना इंचार्ज राम सिंह का कहना है कि बाबू लाल सांसी तीन दशकों से इलाके में दो नंबर का कारोबार में लिप्त पाया जाता रहा है। अब उसने अपना स्नेचिंग गैंग तैयार किया और बाइक सवार शिवा सेठी को रुकाकर उसे दस हजार रुपये लूट लिए। तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। उम्मीद है कि शहर में कई वारदातों के पीछे भी बाबू लाल गैंग का हाथ हो सकता है। रविवार दोपहर तीनों लुटेरों को अदालत में पेश किया जाएगा।