अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए डिंग थाना पुलिस ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे शराब से लदे एक कैंटर को बरामद कर 991 पेटी देसी, अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है।
पुलिस ने इस संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक कार भी बरामद की है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान संदीप निवासी बनवाला जिला सिरसा, राजेश, जगदीश निवासीगण सदलपुर हिसार और नरेश कुमार निवासी छोटा पीरेरा जिला गया बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब, कैंटर और कार को कब्जे में लेकर पकड़े गए लोगों के खिलाफ भादंसं की धारा 420, 467, 468, 471, 120बी और आबकारी अधिनियम के तहत थाना डिंग में अभियोग दर्ज कर दिया है। पुलिस को महत्त्वपूर्ण सूचना मिली थी कि कुछ लोग शराब तस्करी के लिए कैंटर में शराब लादकर हिसार साइड की तरफ से आ रहे है।
इस सूचना के आधार पर एएसपी नरेंद्र बिजारणिया ने डिंग थाना के सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया, जिसने डिंग थाना क्षेत्र के गांव पतलीडाबर में नाकाबंदी कर शराब से भरे कैंटर को कब्जे में लेकर उपरोक्त आरोपियों को काबू कर लिया है। जांच के दौरान सामने आया कि पकड़े गए लोगों ने इस शराब के जखीरे का फर्जी परमिट बनाया हुआ था और धोखे से शराब को तस्करी के लिए ले जाने की फिराक में थे। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि शराब भिवानी से लाई गई है और उसे तस्करी के लिए डबवाली क्षेत्र में ले जाया जाना था।