अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को लिंग जांच के नाम पर ठगने वाले गिरोह को रंगे हाथों दबोचा है। सोमवार शाम को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ शहर थाना में केस दर्ज कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग को कई दिन पहले सूचना मिली थी कि कुछ लोग लिंग जांच के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर उक्त लोगों को रंगे हाथों दबोचने की योजना बनाई। महिला पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर उक्त लोगों के पास भेजा गया। लिंग जांच करवाने के नाम पर महिला पुलिस कर्मी से तीस हजार रुपये मांगे गए। पांच हजार रुपये एडवांस में उक्त लोेगों को दे दिए गए। सोमवार सुबह दस बजे इन लोगों ने महिला को बस स्टैंड पर बुलाया। दोपहर बाद डबवाली रोड स्थित शिव डायग्नोस्टिक सेंटर में लिंग जांच के लिए बुलाया। महिला से फार्म भरवाकर उसका उसे सामान्य जांच के लिए डॉक्टर के पास भेज दिया। जांच के बाद महिला बाहर आकर खड़ी हो गई। महिला से कहा कि जांच करने वाले डॉक्टर से शाम को फोन पर रिपोर्ट का पता चल जाएगा। शाम को महिला को बताया गया कि उसके गर्भ में लड़का है। यह खबर देने वाले ने महिला से मिठाई भी मांगी। इसके बाद महिला ने जैसे ही बकाया 25 हजार रुपये उनको दिए तो उसी समय इशारा मिलते ही डिप्टी सीएमओ डॉ. विरेश भूषण और डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश चौधरी के नेतृत्व वाली टीम ने उक्त लोगों को दबोच लिया।
अधिकारियों ने अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर गौरव मेहता से पूछताछ की तो उसने कहा कि महिला की सामान्य जांच की गई है। लिंग जांच का सवाल ही नहीं उठता। इसके बाद टीम ने जांच की तो डॉक्टर की बात सही पाई गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने दबोचे गए तीनों लोगों से पूछताछ की तो उनकी पहचान ऐलनाबाद निवासी गुरविंद्र सिंह, कृष्ण व विनोद के रूप में हुई। डिप्टी सीएमओ डॉ. विरेश का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया गया है और पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना ले गई है।
लिंग जांच के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
तीन लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रंगे हाथों दबोचा
सामान्य जांच करवाकर लोगों से बोलते थे झूठ
-------------------------
फोटो:31 और 32