अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
कुख्यात सुनील राठी के गुर्गों की पेशी को लेकर जिला कोर्ट में गहमागहमी का माहौल रहा। एएसपी रचिता जुयाल की अगुवाई में सीआईयू, सिविल पुलिस चौकस रही। सघन चेकिंग अभियान चलता रहा। गैंगस्टर कोर्ट के जज के प्रशिक्षण में होने से सुनवाई के लिए अगली तारीख मुकर्रर की गई।
गैंगस्टर कोर्ट में कुख्यात सुनील राठी गैंग की पेशी थी। यूपी की बागपत जेल में कैद सुनील राठी पेशी पर नहीं आया और न ही उसका गुर्गा प्रवीण वाल्मीकि पहुंचा। हालांकि गैंग के दूसरे सदस्य मांगा त्यागी, सचिन खोखर, मोहित, सुनील तोमर, नैनीताल, विपिन जैन, महकार सिंह, विक्की, हरेंद्र राठी एक- एक कर जिला कोर्ट पहुंचे थे। गैंगस्टर कोर्ट के जज के प्रशिक्षण में होने से सभी तुरंत ही लौटते रहे। पूरे गैंग की पेशी को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट थी। एएसपी रचिता जुयाल, सीआईयू निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, सिविल लाइन इंस्पेक्टर साधना त्यागी, गंगनहर कोतवाली के निरीक्षक कमल लुंठी, एसआई हरपाल सिंह, एसओ सिडकुल कमल मोहन भंडारी से लेकर रुडकी- हरिद्वार सीआईयू के कर्मचारी अलर्ट रहे। कोर्ट में आने जाने वाले हर शख्स की सघन चेकिंग होती रही।