ग्रामीण डाक सेवक ने की साढ़े दस लाख की ठगी, केस दर्ज
डिंग मंडी। डिंग थाना पुलिस ने ग्रामीण डाक सेवक पर दर्जनों लोगों के बचत खाते में जमा करवाए गए साढ़े दस लाख रुपए हड़पने के आरोप में केस दर्ज किया है। जिन लोगों ने पैसे जमा करवाए थे, उनमें भागीरथ निवासी कुसुंबी, रोशनीदेवी, इंद्रपाल, राम स्वरूप, शांति देवी, पिंकी देवी, गुड्डी देवी निवासी सुचान कोटली, राममूर्ति देवी, मीरा देवी, इंद्रपाल सिंह, कमला देवी शामिल हैं।
पुलिस को दी शिकायत में खाता धारकों ने बताया कि गांव कुसुंबी में स्थित डाकखाने में नियुक्त डाक सेवक संतलाल के पास वे सभी वर्ष 2013 से अपने-अपने बचत खाते में रुपये जमा करवाते आ रहे हैं। पांच सालों तक उन्होंने लगातार किस्तें जमा करवाई। अब जब पैसे की निकासी का समय आया तो डाक सेवक से जाकर मिले। डाक सेवक ने जल्द ही राशि जारी करने की बात कही। कई दिन तक वे चक्कर लगाते रहे। जब उन्होंने मुख्य डाकघर सिरसा में जाकर पता किया तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। वहां जाकर पता चला कि डाक सेवक ने उनके खातों में राशि जमा ही नहीं की। इसके बाद से ही डाक सेवक गायब है। वीरवार की सांय को उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
कोट्स:
मामले की शिकायत आई है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपी को काबू किया जाएगा।
-एसआई रामचंद्र, जांच अधिकारी डिंग थाना।
कोट्स:
-ग्रामीण डाक सेवक संतलाल के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें हैं और उनके खिलाफ जांच भी चल रही है। फतेहाबाद डाक विभाग इसकी पहले से इंक्वायरी कर रहा है। काफी सालों से ग्रामीणों से पैसे ऐंठता आ रहा है।
-कमल कुमार, मुख्य डाकपाल सिरसा।