कार ने मारी बाइक को टक्कर, वृद्धा की मौत, एक घायल
-दादी-पौत्र दोनों रिश्तेदारी में मिलकर जा रहे थे वापस
ओढां।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव चोरमार के निकट मोटरसाइकिल और कार के बीच हुई भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पंजाब के फू लो खारी निवासी वृद्धा जरनैल कौर और उसका पौत्र गुरप्रीत गांव मौजगढ़ में अपनी रिश्तेदारी में मिलने के लिए आए हुए थे। जब दोनों वापस जा रहे थे तो चोरमार में स्कूल के निकट जैसे ही मोटरसाइकिल हाईवे के बीच बने डिवाइडर से क्रॉस करने लगा तो डबवाली की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकि ल को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 75 वर्षीय वृद्धा जरनैल कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पौत्र गुरप्रीत सिंह को पैर पर गंभीर चोट आई हैं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, हादसे में घायल हुए गुरप्रीत को ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया जहां से उसे सिरसा रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने बताया कि लोगाें ने कार का नंबर नोटकर पुलिस को बता दिया है। जिसके आधार पर कार मालिक का पता लगाया जा रहा है। वहीं, सूचना पाकर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतका का पोस्टमार्टम सोमवार को होगा।