फ्यूचर मेकर कंपनी के सीएमडी राधेश्याम को भेजा जेल
सिरसा। उपभोक्ताओं से करीब 1200 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले फ्यूचर मेकर कंपनी के सीएमडी राधेश्याम व प्रमोटर सुंदर सैनी को रविवार दोपहर सिरसा एसआईटी ने हिसार कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके बाद सिरसा एसआईटी आरोपियों को हिसार सेंट्रल जेल में छोड़ आई। इससे पहले एसआईटी फ्यूचर मेकर कंपनी के सीएमडी राधेश्याम के गांव शीशवाल पहुंची। सीएमडी राधेश्याम के घर से एसआईटी ने चार लाख रुपये जब्त किए।
पहली बार सीएमडी राधेश्याम के घर से रुपयों की बरामदगी हुई है। सिरसा एसआईटी ने राशि को सील करके इसे हिसार सिटी थाने के मालखाने में जमा करवा दिया है। एसआईटी इंचार्ज इंस्पेक्टर दलेराम ने बताया कि छह दिन की रिमांड अवधि के दौरान फ्यूचर मेकर कंपनी से जुड़ा सारा रिकॉर्ड व कंपनी के प्रोडक्ट्स का लेखाजोखा पुलिस ने जब्त किया है। चार लाख रुपये की नगदी आरोपी राधेश्याम के घर से मिली है। कंपनी के सारे खाते सील हुए पड़े हैं। रिमांड के दौरान आरोपियों को नासिक व भोपाल भी ले जाया गया। यहां पर कंपनी के ऑफिस की निशानदेही करवाई गई। फ्यूचर मेकर कंपनी अपने प्रोडक्ट्स को माहेश्वरी इंटरप्राइजेज के गोदाम में रखती थी।