डबवाली। उपमंडल के गांव सकताखेड़ा में बीती सायं रंजिशन मारपीट में अपने खेतों में सिंचाई कर रहे दो भाई घायल हो गए। जिन्हें उनके खेत के पड़ोसी ने डबवाली के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल लवपिंद्र सिंह को सिरसा रेफर कर दिया। जबकि उसके भाई कुलदीप सिंह को डिस्चार्ज कर दिया गया।
पुलिस को दिए बयान में घायल लवपिंद्र सिंह ने बताया कि बीती सायं अपने ताया के बेटे कुलदीप सिंह के साथ अपने खेतों में सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान गांववासी हरदीप सिंह ट्रैक्टर पर आया और उनके खेतों में घुसने का प्रयास किया। जब उन्होंने एतराज जताया तो उसने उनको गालियां देते हुए अपने भाई जगदीप उर्फ जग्गू व अर्शदीप को फोन करके बुला लिया। वह बाइक पर आए और जगदीप व अर्शदीप ने पकड़कर उन्हें नीचे गिरा दिया। हरदीप ने कस्सी से वार करके उसे घायल कर दिया। जब उन्होंने शोर मचाया तो उनके खेत के पड़ोसी अमरजीत सिंह भागकर पहुंचा। बीच बचाव कर उन्हें घायलावस्था में डबवाली के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरसा रेफर कर दिया गया। इस संबंध में चौटाला पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।