पिस्तौल के दम पर बाइक सवार से लूट 18 हजार
डबवाली। गांव सुकेराखेड़ा के पास शुक्रवार को दिन दहाड़े कार सवार तीन युवक एक बाइक सवार से पिस्तौल के दम पर थैला छीनकर फरार हो गए। थैले में 18 हजार रुपये और जरूरी कागजात थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस तीन दिन पूर्व कार सवार लुटेरों द्वारा पिस्तौल के दम पर एक बाइक सवार व्यक्ति से हुई लूटपाट की घटना की गुत्थी अभी तक सुलझा नहीं पाई थी
गांव नाथौर निवासी राजाराम पुत्र बृजलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव गंगा से बाइक पर कालुआना जा रहा था। इस दौरान गांव सुकेराखेड़ा के पास पीछे से आई एक कार ने उनका रास्ता रोक लिया। कार से उतरे तीन युवकों ने पिस्तौल के दम पर उसका थैला और मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। राजाराम के मुताबिक थैले में 18 हजार रुपये की नकदी व बैंक के कुछ जरूरी कागजात थे। अंदेशा जताया जा रहा हैं ये लुटेरे वही है जिन्होंने इससे पूर्व हुई लूट की घटना को अंजाम दिया था। क्षेत्र के लोगों में लूटपाट की ऐसी घटनाओं से भय का माहौल है। राजाराम ने अपने साथ हुई लूट की सूचना चौटाला चौकी में दी। चौटाला चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने राजाराम की शिकायत पर अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।