अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। शहर में चेन स्नेचरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने घर में घुसकर वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया है। सोमवार रात को जनता भवन रोड पर स्थित एक घर में घुसकर एक युवक ने महिला के गले से चेन झपटने की कोशिश की, लेकिन उक्त युवक को घरवालों ने दबोच लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान खाजाखेड़ा निवासी नवदीप सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जनता भवन रोड पर अरोड़वंश चौक के निकट फर्नीचर का शोरूम है। शोरूम के संचालक गोपाल कृष्ण अग्रवाल की रिहायश शोरूम के ही ऊपर है। सोमवार सवा आठ बजे एक बाइक सवार युवक बाहर बाइक खड़ा करके सीढ़ियों के रास्ते घर में जा घुसा। उसने नीचे सीढ़ियों का दरवाजा भी बंद कर दिया ताकि बाहर से कोई भीतर न घुस सके।
पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत में जीके अग्रवाल ने बताया कि घर में घुसे युवक ने उसकी पत्नी मंजु अग्रवाल से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। जब मंजु अग्रवाल ने शोर मचाया तो दूसरे कमरे से उसका बेटा गौरव अग्रवाल बाहर आ गया और उसने आरोपी को धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी युवक और उसके बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान नवदीप सिंह पुत्र सुखवंत सिंह निवासी खाजाखेड़ा के रूप में की गई है। पुलिस प्रवक्ता सुरजीत सहारण का कहना है कि आरोपी नवदीप सिंह को मंगलवार दोपहर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शॉपिंग करने आई महिला के गले से छीनी चेन
सिरसा। जगदेव चौक के पास बाइक सवार दो युवकों ने सोमवार शाम को एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। महिला ने शोर मचाया लेकिन बाइक सवार युवक फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार गली राम लाल बतरा वाली निवासी गुरप्रीत कौर का कहना है कि सोमवार शाम को वह अपनी बहन प्रीत कौर के साथ बाजार में शॉपिंग करने गई थी। शाम पौने आठ बजे बाइक सवार दो युवक उनके पास आए और उसके गले से सोने की चेन झपट ली। गुरप्रीत कौर का कहना है कि उसने शोर मचाया तो कुछ लोग युवकों के पीछे भागे लेकिन वे फरार होने मेें कामयाब हो गए।