अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। सीडीएलयू के परीक्षा नियंत्रक प्रवीण अगमकर के सुसाइड के मामले में शनिवार को साढ़े तीन बजे हुडा चौंकी से दो पुलिस कर्मचारी सीसीटीवी फुटेज रिकार्ड लेने के लिए वीसी कैंप ऑफिस पहुंचे। हालांकि उन्होंने रिकार्ड लेने के लिए कहा। लेकिन विश्वविद्यालय के पास अतिरिक्त चार टीबी की हार्ड डिस्क न होने के कारण उन्हें रिकार्ड नहीं मिल सका। वीडियो रिकार्डिंग का रिकार्ड न मिलने पर पुलिस वापस लौट गई। सोमवार या मंगलवार तक हार्ड डिस्क की अतिरिक्त खरीद पर ही मौजूदा हार्ड डिस्क पुलिस को सौंपी जाएगी। चार टीबी की हार्ड डिस्क की कीमत करीब दस हजार रुपये की है और इसमें 15 से 20 दिन की सीसीटीवी रिकार्ड होती है। ऐसे में सीडीएलयू जब नई हार्ड डिस्क की खरीद करेगा, तभी ही उसे मौजूदा हार्ड डिस्क उपलब्ध करवा सकेगा। क्योंकि सीडीएलयू प्रशासन यदि मौजूदा चार टीबी की हार्ड डिस्क पुलिस को सौंप देता है तो उसके बाद किसी भी सीसीटीवी से रिकार्डिंग नहीं हो पाएगी। वीसी ऑफिस ने उन्हें मौजूदा हार्ड डिस्क की सीसीटीवी फुटेज की कॉपी करने के लिए भी कहा है, लेकिन पुलिस ने हार्ड डिस्क ही लेने की बात कही।
पहली हार्ड डिस्क सीबीआई ले गई
सीडीएलयू के पास पहले दो हार्ड डिस्क थी। करीब दो साल पहले सीबीआई इंक्वायरी के समय टीम एक चार टीबी हार्ड डिस्क ले गई थी। जिसे कि सीबीआई ने बाद में वापिस नहीं किया। इसलिए सीडीएलयू के पास मौजूदा समय में कोई अतिरिक्त चार टीबी हार्ड डिस्क नहीं है।
इन जगहों की सीसीटीवी फुटेज की मांग की
पुलिस ने वीसी कार्यालय, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय, इंस्टेबलिश ब्रांच, जनरल ब्रांच, एकाउंट ब्रांच, सीवी रमन हाउस की सीसीटीवी फुटेज की मांग की है। आशंका है कि सीवी रमन हाउस के सीसीटीवी कैमरे खराब है, ऐसे में वहां का रिकार्ड लेने में दिक्कत आ सकती है।
मोबाइल और लेंड लाइन फोन की कॉल डिटेल को लेकर एसपी से मिले प्रोफेसर
प्रोफेसर का एक प्रतिनिधिमंडल एसके गहलावत के नेतृत्व में सीएम से मिले। सीएम ने उन्हें उचित जांच का आश्वासन दिया। शनिवार सुबह प्रोफेसर का प्रतिनिधिमंडल डीसी और एसपी से मिलकर जांच तेज करने के लिए एक ज्ञापन दिया। एसपी को दिए ज्ञापन में टेंपरिंग की आंशका के कारण वीसी कार्यालय, कंट्रोलर एग्जामिनर, डिपार्टमेंट ऑफ फिजिक्स और एकाउंट सेक्षन की सीसीटीवी रिकार्डिंग लेने का अनुरोध किया है। प्रोफेसर प्रवीण अगमकर के घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, वीसी और उनके पीए होरीलाल शर्मा के मोबाइल नंबर, वीसी रेंजीडेंस और एग्जाम कंट्रोलर, फिजिक्स डिपार्टमेंट के लैंड लाइन नंबर की कॉल डिटेल निकलवाने का भी आग्रह किया है।
हम हार्ड डिस्क लेने के लिए वीसी के घर पर गए थे। लेकिन हार्ड डिस्क अतिरिक्त न होने के कारण नहीं मिली। सोमवार या मंगलवार को मिलेगी।
महेंद्र, जांच अधिकारी, हुडा चौंकी।