स्टाफ नर्स व वार्ड सर्वेंट कर्मचारी भिड़े, एक-दूसरे के खिलाफ दी शिकायत
सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल के महिला प्रसूति वार्ड में नाइट ड्यूटी में तैनात स्टाफ नर्स व सिक्योरिटी गार्ड के गायब रहने का मामला बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जहां वार्ड सर्वेंट कर्मचारियों ने अस्पताल की कुछ स्टाफ नर्सों पर अभद्र व्यवहार व मारपीट के आरोप लगाए थे। वहीं बुधवार को एक बार फिर गायनी वार्ड में ही स्टाफ नर्स व महिला वार्ड सर्वेंट कर्मचारी आपस में भिड़ पड़े। महिला वार्ड सर्वेंट व स्टाफ नर्स ने एक-दूसरे पर मारपीट व अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए। दोनों पक्षों ने मामले को लेकर शिकायत भी दी। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने जहां एकत्रित होकर कामकाज न करने का फैसला लिया। वहीं स्टाफ नर्स ने भी कामकाज छोड़कर कार्रवाई की मांग की। हैरानी की बात तो ये है कि मामले के कारण विभाग की हो रही किरकिरी के बाद भी अस्पताल प्रबंधन मामले को लेकर गंभीरता से नहीं ले रहा है।
बुधवार की सुबह रीना नाम की स्वीपर गायनी वार्ड में अपनी सहयोगी स्वीपर को बुलाने गई थी। जब वह उसे अपने साथ लेकर आने लगी तो स्टाफ नर्स ने दोनों को पकड़ लिया और वार्ड से नहीं जाने दिया। इसके बाद स्वीपर व स्टाफ नर्स में पहले कहासुनी हुई। इसके बाद स्टाफ नर्स ने स्वीपर को थप्पड़ जड़ दिए। स्वीपर ने थप्पड़ की घटना बारे अन्य कर्मचारियों को बताया। जिसके बाद सभी अस्पताल में बने पार्क में एकत्रित हो गए। इसके बाद स्टाफ नर्स ने भी अपने बचाव में कामकाज छोड़कर पहले ट्रेनिंग सेंटर में डॉ. वीरेश भूषण से मिलने गई। लेकिन उनके न मिलने पर इमरजेंसी में पहुंची और देर तक हंगामा किया। इसके बाद सिटी एसएचओ विनोद काजला, जोकि किसी अन्य केस में अस्पताल में पहुंचे थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए उनके सामने भी काफी हंगामा किया।
नर्सिंग सिस्टर नहीं करती नाइट ड्यूटी:
अस्पताल में बने गायनी वार्ड में आठ नर्सिंग सिस्टर हैं। जिनका काम नाइट में मरीजों की देखभाल का होता है। महिला वार्ड सर्वेंट का आरोप है कि स्टाफ नर्स अपना काम भी उनसे ही करवाती हैं। जबकि मरीजों को संभालने का काम स्टाफ नर्स व नर्सिंग सिस्टर का होता है। काम नहीं करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। यही नहीं उन्हें जातिसूचक गालियां दी जाती हैं। जिसे वे पिछले दो सालों से सहन करती आ रही हैं। लेकिन अब बिल्कुल सहन नहीं करेंगी।
- मंगलवार को दोनों पक्षों को बुलाकर बयान लिए गए हैं। वे आज पंचकूला मीटिंग में हैं। कल आकर फिर से पूछताछ की जाएगी।
-डॉ. बुधराम, जांच अधिकारी व डिप्टी सिविल सर्जन, सिरसा।