गश्ती दल पर फायरिंग करने वाले बावरिया गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार
सिरसा। गश्त दल पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने बावरिया गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सनजीत सिंह निवासी डिंग व बिंटू निवासी प्रताप नगर भट्टू के रूप में हुुई है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने बुधवार दोपहर अदालत में पेश किया। जहां से आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड में भेज दिया है। थाना प्रभारी कंवर सिंह का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किया जाएगा।
गौरतलब है कि एसआई बलवान सिंह की तैनाती डिंग थाना की पीसीआर गाड़ी में बतौर इंचार्ज है। 22 जून वीरवार की रात बलवान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। देर रात करीब ढाई बजे गश्ती दल की गाड़ी डिंग रोड से पतली डाबर की ओर जा रही थी। इस दौरान रास्ते में एक बिना नंबर प्लेट की मारुति कार गश्ती दल को दिखाई दी। गश्ती दल ने अपनी गाड़ी मारुति कार के बिलकुल पास रोकी। इंचार्ज बलवान सिंह ने देखा की कार में चार युवक बैठे हैं। उन्होंने युवकों से कहा कि इतनी देर रात यहां कैसे खड़े हो। इतने में अंदर बैठे युवक ने पिस्तौल से बलवान सिंह पर गोली चला दी। गनीमत से गोली पीसीआर की खिड़की टकराकर बलवान सिंह के पास से निकल गई। इसके बाद बदमाश कार स्टार्ट करके जाने लगे। गश्ती दल ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे लगा देख चालक कार नियंत्रित नहीं कर सका। जिससे कार सड़क से नीचे उतरकर बंद हो गई। इसके बाद चारों बदमाश कार से उतरकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए।