दुकान से हजारों का सामान और नकदी चोरी
डबवाली। शहर के चौटाला रोड पर स्थित एक सेनेटरी स्टोर के पिछले गेट का ताला तोड़कर चोर स्टोर से हजारों रुपये की नकदी व सामान चोरी कर लिया। सुबह जब स्टोर का मालिक दुकान पर पहुंचा तो उसने देखा कि स्टोर के पिछले गेट का ताला टूटा पड़ा है। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया।
वार्ड नंबर 12 निवासी शाम सुंदर ने बताया कि उसकी चौटाला रोड पर कपिल सेनेटरी स्टोर के नाम से दुकान है। 7 सितंबर की रात्रि को वह दुकान मंगल कर घर चला गया। अगले दिन सुबह दुकान पर आया और शटर खोला तो पीछे के गेट का ताला टूटा पड़ा था। उसने सामान संभाला तो गल्ले में पड़ी करीब 5 हजार रुपये की नगदी, 50 टोंटियां, 10 फवारे और 100 के लगभग टोंटियों की मशीन, 70 के करीब गेटवाल गायब थे। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति का निरीक्षण किया। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सेनेटरी स्टोर में चोरी की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेकर तथ्य जुटाए गए हैं। जल्द ही चोरों का सुराग लगा लिया जाएगा।