अमर उजाला ब्यूरो
चोपटा। बुधवार शाम नहर में नहाते वक्त पैर फिसलने से डूबे युवक का शव वीरवार को फेफाना हैड के पास पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। सिरसा से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित बकरियां वाली नहर पर गर्मियों में युवाओं की टोलियां अकसर नहाने जाती हैं। बुधवार को सिरसा के प्रेम नगर निवासी 21 वर्षीय मोहित अपने साथियों के साथ गांव बकरियांवाली के पास नहर में नहाने के लिए गया था। लेकिन नहरबंदी की वजह से नहर में पानी नहीं था। इस लिए वे नोहर फीडर नहर पर जा पहुंचे। इस नहर में पानी का बहाव ज्यादा तेज होता है। नहाते वक्त पांव फिसलने से मोहित पानी के तेज बहाव में बह गया। साथी युवकों ने उसकी कई घंटे तक तलाश की। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। सूचना पर पहुंची चौपटा थाना पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बुधवार को तलाशी अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लगा। वीरवार की सुबह फेफाना हैड के पास युवक का शव बरामद हुआ। वीरवार दोपहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। मृतक ऑटो चालक था।
बिजली की मोटर चुराते गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो सिरसा। रानियां पुलिस ने गांव गिंदड़ावाली के सरपंच प्रतिनिधि जसविंद्र सिंह की शिकायत पर इसी गांव निवासी अनिल कुमार उर्फ नीला पुत्र दर्शनराम व एक अन्य के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। जसविंद्र सिंह ने शिकायत में बताया कि गांव के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में पानी की मोटर चुराने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो डबवाली। डबवाली पुलिस ने गांव देसूजोधा निवासी विवाहिता रिंकू पुत्री तेजा सिंह की शिकायत पर उसके ससुरालजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। रिंकू ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 11 नवंबर 2017 को पंजाब के गांव शेरगढ़ निवासी सुखचैन सिंह के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही ससुरालजनों ने दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया और मांग पूरी न करने पर उसे मारा पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने पति सुखचैन सिंह, सास सर्वजीत कौर, ससुर काला सिंह, ननद चरणजीत कौर, जेठ गुरदीप सिंह के खिलाफ भादंसं की धारा 498ए, 323, 406, 506, 504, 34 के तहत केस दर्ज किया है।