अमर उजाला ब्यूरो
ओढां।
ओढां पैक्स में कार्यरत एक सेल्समैन को कमेटी ने सिक्योरिटी न दिए जाने को लेकर सस्पेंड कर दिया। हालांकि सेल्समैन ने पूर्व में दो एकड़ भूमि की सिक्योरिटी दे रखी है। इस मामले को लेकर सेल्समैन ने सीएम विंडो पर शिकायत देते हुए कहा है कि उसे बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है। वहीं पैक्स और कमेटी ने इस नियमानुसार कार्रवाई बताया है।
दरअसल सेल्समैन जगदीश कुमार ने कुछ वर्ष पूर्व जगपाल सिंह नामक व्यक्ति की दो एकड़ भूमि की टेंजीबल सिक्योरिटी पैक्स को दी थी। बताया जा रहा है कि जगपाल सिंह ने पैक्स से अपनी सिक्योरिटी वापस करने के लिए कहा। इसके चलते पैक्स ने सेल्समैन को नोटिस दिया कि जगपाल सिंह पूर्व में दी गई सिक्योरिटी वापस चाहता है। पैक्स ने सेल्समैन जगदीश को पुन: नोटिस किया कि वह शीघ्र ही दूसरी सिक्योरिटी दें। सेल्समैन ने जवाब में कहा कि उसने पैक्स को पुरानी सिक्योरिटी दे रखी है। जब वह नई सिक्योरिटी देगा तो वह पुरानी सिक्योरिटी किसान को वापस कर देगा। विभागीय प्रावधान ये है कि जब तक कोई व्यक्ति नई सिक्योरिटी नहीं देता तब तक वह पुरानी सिक्योरिटी वापस नहीं ले सकता।
उधर भूमि मालिक जगपाल सिंह ने सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज करवाई कि पैक्स उसकी सिक्योरिटी वापस नहीं दे रही। इस मामले को लेकर पैक्स कमेटी व प्रबंधक ने आम सभा बुलाकर सेल्समैन के सस्पेंड के आदेश जारी कर दिए। सेल्समैन का आरोप है कि आम सभा में कमेटी के सिवाए गांव से कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। आरोप है कि पैक्स की ओर से कुछ लोगों से उनके घर जाकर कार्यवाही पर हस्ताक्षर करवाए गए हैं। वहीं इस मामले में एसएन वर्मा सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां डबवाली ने भी पैक्स में पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
गौरतलब हो कि सेल्समैन जगदीश पर ओढां व ख्योवाली में गबन के दो बार आरोप लग चुके हैं। जब ओढां में उस पर गबन का आरोप लगे थे तो ओढां के जगपाल सिंह नामक किसान ने उसकी तरफ से अपनी दो एकड़ भूमि की टेंजीबल सिक्योरिटी दी थी। इसकेे बाद उसे कमेटी ने पुन: बहाल क र दिया। लेकिन बाद में ख्योवाली के किसानों ने उस पर गबन के आरोप लगाए। इस मामले की जांच निरीक्षक वेदप्रकाश द्वारा की जा रही है।
-------
ये मामला मेरे नोटिस मेें नहीं है क्योंकि ये हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। सेल्समैन को रखने या सस्पेंड करने का अधिकार पैक्स कमेटी का होता है। जो भी कार्रवाई हुई है वो पैक्स कमेटी की ओर से की गई है।
-सुरेंद्र भादू, महाप्रबंधक (सीबी सिरसा)
------------
जगपाल सिंह ने पैक्स से अपनी सिक्योरिटी वापस मांगी थी। इसके बाद पैक्स ने उसे नियमानुसार तीन नोटिस भी भिजवाए थे, जिनका सेल्समैन ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। सेल्समैन पर ख्योवाली के किसानों ने गबन के आरोप लगाए हुए हैं जिनकी जांच निरीक्षक वेदप्रकाश द्वारा की जा रही है। सेल्समैन को पैक्स कमेटी ने आम सभा की बैठक के दौरान नियमानुसार सस्पेंड किया है। बैठक में गांव से लोग मौजूद थे। हमने उसके खिलाफ कोई द्वेषपूर्ण कार्रवाई नहीं की।
-कुलविंद्र सिंह, पैक्स प्रबंधक ओढां