ईडीपी सैल ने वीसी कार्यालय से सीसीटीवी फुटेज और हार्ड डिस्क का डाटा जुटाया
सिरसा। सीडीएलयू में प्रोफेसर प्रवीण अगमकर के आत्महत्या के बाद शुक्रवार को प्रोफेसर, स्टाफ ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। हालांकि शुक्रवार को सीडीएलयू में अवकाश नहीं था, लेकिन नॉन टीचिंग स्टाफ ने काम नहीं किया और सभी विभागों पर ताला लटका रहा। टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टॉफ एडम ब्लॉक के हाल में ही उनकी शोक सभा में बैठा रहा। सभी स्टाफ ने उन्हें भाव भीनी श्रद्धांजलि दी। वहीं ईडीपी सैल ने वीसी कार्यालय से करीब चार बजे चार जुलाई को हुए पूरे घटनाक्रम और इससे पहले की वीडियो क्लीपिंग और अन्य रिकार्डिंग के लिए हार्ड डिस्क अपने कब्जे में ली। ईडीपी सैल से सरोज मेहता, भूषण, गुलशन मेहता ने करीब एक घंटे तक वीसी कार्यालय के कैमरों से हार्ड डिस्क और अन्य चीजों का रिकार्ड जुटाया। ताकि पुलिस को सीसीटीवी रिकार्ड उपलब्ध करवाया जाए। हालांकि इस दौरान शोकसभा में प्रोफेसर और कर्मचारी स्टाफ बैठा रहा।
वहीं इस सीडीएलयू के प्रोफेसरों ने आरोप लगाए कि वीसी एक ओर जहां शोक व्यक्त कर रहे थे। वहीं प्रोफेसर सुरेंद्र कुंडू, विष्णु भगवान वीसी की पत्नी के साथ कुछ कॉलेजों की इंस्पेक्शन कर रहे थे। नॉन टीचिंग स्टाफ के कर्मचारी नेता महेंद्र बैनीवाल का आरोप है कि करीब साढ़े पांच बजे चीफ एकाउंट ऑफिसर अपने एक सहयोगी के साथ एकाउंट ऑफिस से फाइल निकलवा रहा था। जब उन्हें इस बात का पता चला तो वह दोबारा एडम ब्लॉक आए, लेकिन तब तक वे निकल गए। उनका आरोप है कि रिकार्ड में एग्जाम से संबंधित वर्क ऑर्डर की फाइल है। जिससे कि छेड़छाड़ की जा सकती है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार, केमिकल परीक्षण के लिए आज करनाल भेजा जाएगा विसरा
सीडीएलयू के परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर प्रवीण अगमकर की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट तैयार हो गई है। रिपोर्ट में शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। उनकी मौत की वजह पार्शल हैंगिग है। पांच जुलाई को करीब दो बजे जब उनका पोस्टमार्टम हुआ तो उनकी मृत्यु तत्कालीन समय से 36 घंटे पहली हुई थी। चिकित्सकों की रिपोर्ट अनुसार हैंगिग दो प्रकार की होती है। पार्शल और कंपलीट हेंगिंग। पार्शल हैंगिग में हार्ट और ब्रेन की ब्लड सरकुलेशन रूक जाती है, लेकिन गर्दन नहीं टूटती और न ही जीभ बाहर आती है। जबकि कंपलीट हैंगिग में मौत के दौरान व्यक्ति की गर्दन लंबी हो जानी, जीभ और आंखों का बाहर हो जाना शामिल है। दो सदस्यीय पोस्टमार्टम पैनल ने उनके शरीर के अंग हार्ट, किडनी, लंगस और लीवर का केमिकल परीक्षण करवाने के लिए विसरा तैयार कर लिया है। सिविल अस्पताल प्रबंधन शनिवार को पुलिस को यह रिपोर्ट सौंप सकता है। सीडीएलयू के परीक्षा नियंत्रक के आत्महत्या पर सवालिया निशान खड़े होने और मामला पेचीदा होने के कारण ही उनका बॉडी का केमिकल परीक्षण करवाने के लिए विसरा तैयार करवाया गया। यह विसरा करनाल लैब में भेजा जाएगा। जांच अधिकारी बनवारी लाल का कहना है कि विसरा शनिवार को करनाल भेजा जाएगा। अभी उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली।
स्टूडेंट्स यूनियन ने वीसी पर लगाए आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया
वहीं हिंदुस्तान स्टूडेंट एसोसिएशन, हरियाणा छात्र सेना, सोपू के छात्र नेता व कार्यकर्ताओं ने कहा कि उपकुलपति के पर लगाए आरोप राजनीति से प्रेरित है। इसलिए विश्वविद्यालय में चल रही हड़ताल को खत्म करवाने हरियाणा छात्र सेना के प्रधान रोशन कुलडिया, विकास ढिल्लो, अमित गोदारा, महेंद्र गोदारा, कैलाश, रजनी, रीतू ने वीसी कैंप ऑफिस पर वीसी के नाम का ज्ञापन दिया।
उधर वीसी ने कहा प्रोफेसर की मौत पर कुछ लोग कर रहे हैं राजनीति
कुछ लोग प्रोफेसर प्रवीण अगमकर की मौत पर राजनीति कर रहे हैं। जिन लोगों ने वीसी कार्यालय में मेरे साथ दुर्व्यवहार किया है, मुझे उनसे खतरा है। घटना वाले दिन वे मुझे वीसी कार्यालय से बाहर निकालकर कुछ भी कर सकते थे। सारा कुछ जांच को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। मैं किसी भी जांच के लिए तैयार हूं। मुझे उनसे जान का खतरा है। मैंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
विजय कायत, वीसी, सीडीएलयू सिरसा।