क्षेत्र के गांव दड़बा कलां में बस स्टैंड रोड स्थित पीएनबी की शाखा में रविवार की रात चोरों ने सेंधमारी का प्रयास किया। चोरों ने शटर के ताले जरूर तोड़े, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। सुबह कर्मचारी बैंक में आए तो वारदात का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया और तथ्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार गांव दड़बा कलां में बस स्टैंड रोड पर पंजाब नैशनल बैंक की शाखा है। बैंक के साथ आसपास के कई गांवों के लोग जुड़े हुए हैं। कर्मचारी शाम पांच बजे कामकाज के बाद बैंक को बंद कर घर चले जाते हैं। बैंक में चौकीदार की व्यवस्था नहीं है और न ही कोई सिक्योरिटी गार्ड है। रविवार की रात चोरों ने बैंक के गेट के शटर के ताले तोड़ दिए। चोरों ने अंदर पूरा सामान खंगाला, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। इसके बाद चोर सामान बिखेरकर चले गए।
सुबह बैंक कर्मचारी बैंक में आए तो उन्हें घटना के बारे में पता चला, जिसके बाद बैंक के उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर चोपटा पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया और तथ्य जुटाए।