गांव देसूमलकाना में बीते दिनों एक व्यक्ति द्वारा सिखों के पहले गुरु नानक देव जी और बाबा मरदाना पर अश्लील टिप्पणी करने का वीडियो वायरल हुआ। इस वायरल वीडियो को लेकर मंगलवार को गांव के गुरुद्वारा साहिब में सिख समाज के लोग इकट्ठे हुए। मामले को लेकर सिख समाज के लोगों में रोष था।
समाज के लोगों ने गुरु नानक देव पर टिप्पणी करके वीडियो बनाने वाले युवक की जमकर धुनाई की। साथ ही उसका बनाया हुआ वीडियो वायरल करने वाले दूसरे युवक की भी धुनाई की। मौके पर मौजूदा एसजीपीसी सदस्य संत गुरमीत सिंह त्रिलोकेवाला और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने आरोपियों को छुड़ाया। पुलिस ने सालमखेड़ा के युवक जसवीर सिंह की शिकायत पर धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी देसूमलकाना के युवक गुरप्रीत सिंह ने यह वीडियो बनाई थी।
जानकारी अनुसार वायरल वीडियो में ट्रक चला रहा गुरप्रीत सिंह गुरबाणी के शब्दों का अर्थ गलत निकाल कर गुरु नानक देव जी और बाबा मरदाना के प्रति अश्लील टिप्पणी करता है। साथ ही वह बिंदर नामक युवक का नाम लेते हुए कहता है कि तेरे पर शेयर बनाया है। वीडियो में बाबा फरीद की बाणी से छेड़छाड़ कर अश्लील टिप्पणी कर रहा है। वायरल वीडियो में वह बिंदर पिपली वाले का नाम ले रहा है। गुरप्रीत ने यह वीडियो खुद ही बनाया था। लेकिन यह वीडियो कुछ दिनों पहले वायरल हो गया। वायरल वीडियो में चालक के रूप में देसूमलकाना के गुरुप्रीत सिंह की पहचान हुई। इससे गुस्साए सिख समाज के लोग व एसजीपीसी सदस्य बाबा गुरमीत सिंह त्रिलोकवाला गांव के गुरुद्वारे में इकट्ठे हुए। मामले को लेकर कालांवाली पुलिस व डीएसपी भी मौके पर पहुंच गए। दोनों युवकों को गुरुद्वारा साहिब में लाया गया। इसके बाद गुरप्रीत ने सबसे सामने गुरु नानक देव व बाबा मरदाना के बारे में टिप्पणी करने पर माफी मांगी। दूसरे युवक ने भी माफी मांगी। लेकिन टिप्पणी से नाराज लोगों ने दोनों की जमकर धुनाई की। मामला बिगड़ता देखकर संत गुरमीत सिंह त्रिलोकवाला और अन्य गणमान्य लोगों ने बीच बचाव किया। युवक गुरप्रीत सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने पर कालांवाली थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने गुरप्रीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।