सिरसा। रणजीत सिंह हत्याकांड मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सहित पांच दोषियों को कोर्ट मंगलवार को सजा सुनाएगा। इसको लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। पुलिस ने डेरा क्षेत्र में दो कंपनियों को तैनात किया गया है। वहीं पुलिस व गुप्तचर विभाग की ओर से डेरा में आने जाने वाले अनुयायियों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि कोई भी शांति व्यवस्था भंग न कर सके।
रणजीत सिंह हत्याकांड मामले को लेकर सीबीआई कोर्ट की ओर से बीते शुक्रवार को डेरा प्रमुख सहित पांच आरोपियों को दोषी करार दे दिया था। इसके बाद से ही जिला प्रशासन अलर्ट पर है। पुलिस की ओर से बेगू रोड पर नाका भी लगाया गया है। इसके साथ आने जाने लोगों व वाहनों पर निगाह रखी हुई है। लगातार डेरा क्षेत्र की पेट्रोलिंग की जा रही है। वहीं गुप्तचर विभाग भी इस क्षेत्र में अब लगातार स्थिति पर नजर रखा हुआ है। वहीं प्रशासन ने भी डेरा प्रबंधक कमेटी सदस्यों के साथ संपर्क साधकर डेरे में अधिक अनुयायियों को एकत्र न होने देने को लेकर अपील भी की है। हालांकि डेरा प्रबंधक कमेटी ने भी पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया है कि उनकी ओर से किसी भी तरह की गतिविधि नहीं की जाएगी।
डेरा क्षेत्र में पुलिस की दो कंपनियों को तैनात किया गया है नाका लगाकर आने जाने वालों पर नजर रखी हुई है। स्थिति सामान्य है। डेरा क्षेत्र में पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।
-संजय सिंह, डीएसपी, सदर थाना सिरसा