स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस को लेकर जिले से कोरोना संदिग्ध महिला का एक सैंपल लैब में जांच के लिए भेजा है। भेजे गए सैंपल के मरीज को सिविल अस्पताल सिरसा के ही आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। जिले में अभी तक 9 कोरोना संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, और आठ मरीजों के रिपोर्ट निगेटिव आए हैं। उक्त महिला की निजी अस्पताल में जांच के दौरान शक होने पर निजी अस्पताल कर्मियों ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना देकर मामले से अवगत करवाया और महिला को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवा दिया।
शहर में किसी अन्य जिले की महिला एक निजी अस्पताल में अपनी जांच करवाने पहुंची। जब अस्पताल कर्मचारी उसकी जांच कर रहे थे तो उस समय कर्मचारियों को शक हुआ कि यह कोरोना की संदिग्ध हो सकती है। जिस पर सतर्कता दिखाते हुए निजी अस्पताल कर्मियों ने सिविल अस्पताल में इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और महिला को अस्पताल में लेकर आ गई। स्वास्थ्य विभाग ने महिला को कोरोना का संदिग्ध मानते हुए उसका एक सैंपल पुणे की लैब में भेजा है। वहीं बुधवार शाम तक संदिग्ध की रिपोर्ट नहीं आई है।
मंगलवार रात को मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हुआ था, जिसका सैंपल जांच के लिए भेज दिया है। अभी तक उसकी रिपोर्ट नहीं आई है। लोग जागरूक रहे तथा अपने चारों ओर साफ सफाई रखें और थोड़ी-थोड़ी देर में अपने हाथ साफ करते रहें।
-डॉ. विरेश भूषण, डिप्टी सिविल सर्जन, सिविल अस्पताल सिरसा।