three arrested with 33 KG doda and churapost
- फोटो : Sirsa
तस्करों के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए रानियां थाना पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर गांव खारियां क्षेत्र से कार सवार तीन युवकों को 33 किलोग्राम डोडा और चूरापोस्त के साथ काबू किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी बठिंडा पंजाब, सोहन सिंह निवासी फाजिल्का पंजाब व कर्ण सिंह उर्फ कर्णी निवासी उमेदपुरा ऐलनाबाद के रूप में हुई है। रानियां थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर साधू राम ने बताया कि पकड़े गए युवकों से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर रानियां थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत चार लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि रानियां थाना के उप निरीक्षक धर्मपाल के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान खारियां क्षेत्र में नाकाबंदी कर मौजूद थी। इस दौरान सामने से आ रही कार में सवार युवकों ने सामने पुलिस पार्टी को देखकर वापस मुड़कर भागने की कोशिश की तो शक के आधार पर उक्त कार सवार युवकों को काबू कर उनकी तलाशी लेने पर उनके कब्जा से 33 किलो डोडा और चूरापोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए युवकों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।