सिरसा। नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को परिषद अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच में बैठक हुई। इस दौरान बैठक में पशु पकड़ो अभियान को बंद करने को लेकर ठेकेदार से जवाब मांगा गया। बैठक में ठेकेदार ने अधिकारियों से कहा कि गोशालाओं के संचालकों ने पशु लेने से इंकार कर दिया था। इसके कारण अभियान को बंद कर दिया गया था।
शहरभर में बेसहारा पशुओं के कारण हर समय दुर्घटना होने का भय बना रहता है। हर गली मोहल्ले में बेसहारा पशुओं की भरमार लगी हुई है। वहीं शहर के मुख्य मार्गों जैसे परशुराम चौक, रानियां चुंगी, डाकघर के सामने, डबवाली रोड, हिसार रोड व अजय विहार में हर समय बेसहारा पशुओं की आवाजाही रहती है। सड़कों पर 24 घंटे बेसहारा पशु बैठे रहते हैं। नगर परिषद की ओर से पशु पकड़ो अभियान चलाया जाता है। जो पिछले काफी समय से नहीं चलाया जा रहा। इसी को लेकर ठेकेदार और नगर परिषद के अधिकारियों के बीच में बैठक हुई। इस बैठक में जब ठेकेदार से अभियान न चलाने को लेकर पूछा तो ठेकेदार ने कहा कि अभियान के दौरान शहर की सभी गोशालाओं ने पशु रखने से मना कर दिया था। इस कारण अभियान को बंद करना पड़ा ।
जल्द शुरू होगा शहर में अभियान
जयवीर सिंह ने कहा कि जल्द ही शहरभर में बेसहारा पशुओं को पकड़ने को लेकर अभियान चलाया जाएगा। वहीं इस दौरान शहर की मुख्य गोशालाओं संचालकों से बातचीत भी जाएगी। ताकि वो पशुओं को अपनी गोशालाओं में रखने के लिए मान जाए। वहीं संचालकों के साथ बेसहारा पशुओं को लेकर आगामी रणनीति भी बनाई जाएगी। ताकि शहर में से बेसहारा पशुओं की समस्या का हल मिल सके।