वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने गुरुवार को सिरसा में आयोजित बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने वालों का कांग्रेस कभी साथ नहीं देगी, बल्कि डटकर विरोध करेगी। सैलजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संघर्ष से घबराने वाले नहीं, चाहे यात्रा करनी पड़े या जेल जाना पड़े, हर मोर्चे पर लड़ाई जारी रहेगी।
सैलजा ने कहा कि लोकदल और भाजपा शुरू से मिले हुए थे और आज भी अलग नहीं हैं, ऐसे में किसी भी बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “पोर्टल यानी सरकारी दरवाजा खुलते कम है और बंद अधिक रहता है। यह जनता के साथ अन्याय है।”
सिरसा में नशे की स्थिति गंभीर, सरकार निकम्मी साबित
सैलजा ने सिरसा में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि राव साहब भी यहां नशे की भयावह हालत देख चुके हैं। कई बार आवाज उठाने के बावजूद समाधान नहीं निकला, जो सरकार की नाकामी है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण प्रदेश के युवा बर्बाद हो रहे हैं और विदेश जाने की चाह में भी कई जानें जा चुकी हैं।
चुनाव आयोग चुप क्यों
कुमारी सैलजा ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के रूप में सवाल उठाना कांग्रेस का अधिकार है। चुनाव आयोग क्यों चुप है? बीएलओ खुदकुशी कर रहे हैं। ऐसी नौबत क्यों आई? राहुल गांधी से एफिडेविट मांगा जा रहा है, लेकिन असली मुद्दों पर संस्थाएं मौन हैं।