सिरसा। डबवाली के गोल चौक पर व्यापारी चार दिनों से बठिंडा व मलोट हाईवे खुलवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे है। सोमवार को 21 सदस्यीय कमेटी ने मंगलवार के डबवाली बंद को लेकर व्यापारियों व आमजन से सहयोग की अपील की। वहीं ऐलनाबाद विधायक अभय सिंह चौटाला और डबवाली विधायक अमित सिहाग धरनास्थल पर पहुंचे और व्यापारियों को अपना समर्थन दिया।
विधायक अमित सिहाग ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से फोन पर बातचीत कर सारे मामले से अवगत करवाया। वहीं विधायक अभय ने उपायुक्त से फोन पर बात की। अभय चौटाला ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्या को ध्यान में रखते हुए 6 अप्रैल तक प्रशासन सभी रास्ते खोल दें, अन्यथा 7 अप्रैल में वह ट्रैक्टर लेकर आएंगे और अवरोध हटाने में सबसे आगे रहेंगे। इस दौरान सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं मामले के गर्माने के बाद पुलिस प्रशासन ने देर शाम अवरोध हटाने को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि व्यापारियों ने कहा कि जब तक पूरी तरह से रास्ते नहीं खुलते हैं, उनका धरना जारी रहेगा।
यह है मांग
धरने पर बैठे सुखविंद्र सिंह, गुरविंद्र सिंह निंदा, बिटू वर्मा, संजय मेहता, विपिन आदि ने बताया कि मलोट अंडरपास और बठिंडा हाईवे बंद होने से उनका व्यापार बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इन रास्तों को खुलवाने की मांग को लेकर 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी ने व्यापारियों और शहरवासियों दो अप्रैल के बंद में शामिल होने की अपील की है। कमेटी सदस्यों का कहना है कि जब तक पूरी तरह से रास्ते नहीं खुलते हैं उनका धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
यह व्यापार हुआ है प्रभावित
1. कृषि मशीनरी व अन्य मशीनरी से जुड़ा व्यापार
2. अनाजमंडी में फसल खरीद व्यापार
3. कपड़ा व अन्य बाजार
4 छोटे-छोटे व्यापारी
5 मेडिकल सुविधाएं