संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। गत दिन अतिरिक्त अनाज मंडी में सरसों खरीद गड़बड़ी के मामले में पीड़ित किसान राजबीर सिंह ने द कालांवाली कोऑपरेटिव सोसायटी को पत्र भेजकर कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार किया है। हालांकि, किसान ने अपनी बेची सरसों के बैगों की रातभर रखवाली की और सुबह अन्य किसानों को साथ लेकर कानूनी कार्रवाई पर अडिग रहे।
दोपहर बाद कुछ मौजिज व्यक्तियों ने किसान व हैंडलिंग एजेंट के साथ पंचायती तौर पर राजीनामा करवाकर मामला रफा-दफा करवा दिया। साथ में किसान की बेची सरसों के बैगों से ज्यादा सरसों निकालकर मात्रा को पूरा कर दिया था। हालांकि, एसडीएम का कहना है कि हैंडलिंग एजेंट का लाइसेंस रद्द किया जाएगा।
यह था पूरा मामला
किसान राजबीर सिंह अतिरिक्त अनाज मंडी कालांवाली में समर्थन मूल्य 5,950 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से करीब 18 क्विंटल सरसों बेचने आया था। इस दौरान हैंडलिंग एजेंट ने उसके 36 बैगों में 300 ग्राम से लेकर एक किलोग्राम सरसों ज्यादा तोल ली थी। तब किसान ने किसान यूनियन के सदस्यों को साथ लेकर सरसों के बैगों का वजन करवाया था। तब भी सरसों की मात्रा ज्यादा पाई गई थी और किसान हैंडलिंग एजेंट का लाइसेंस रद्द करने, हैंडलिंग एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज करने और हैफेड अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी।
अब किसान ने कहा, तोल संबंधी गलतफहमी हुई
पीड़ित किसान राजबीर सिंह ने द कालांवाली को-कोऑपरेटिव सोसायटी को भेजे गए पत्र में लिखा है कि वह मंडी कालांवाली में माघी सिंह लेवर ठेकेदार के पास सरसाें तोलने के लिए आया था और तोल संबंधी उसे गलतफहमी हो गई थी। इसके बाबत मैंने एक दरखास्त लगाई थी और अब हमारा पंचायती तौर पर राजीनामा हो गया है। अब मैं माघी सिंह के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता और पूर्ण तौर से संतुष्ट हूं।
सुबह एसडीएम ने भी तुलवाई थी सरसों, मिली थी ज्यादा मात्रा
उक्त मामले को लेकर कालांवाली के एसडीएम सुरेश रविश मंगलवार सुबह छह बजे ही बिना ड्राइवर व गनमैन के खुद गाड़ी चलाकर अतिरिक्त अनाज मंडी में पहुंचे और किसान राजबीर सिंह से पूरे मामले की जानकारी ली। साथ में किसान के सरसों के बैग का वजन करवाया। इस दौरान भी प्रति बैग निर्धारित मात्रा से लगभग 50 किलो 700 ग्राम से करीब 300 ग्राम से एक किलोग्राम तक सरसों का वजन ज्यादा पाया गया। हालांकि, सोमवार को एसडीएम सुरेश रविश मौके पर नहीं पहुंच पाए थे और मार्केट कमेटी अधिकारियों को निर्देश दे दिए थे।
वर्जन :
हम सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहते हैं और किसान राजीनामा कर लेते हैं। उक्त मामले में हैंडलिंग एजेंट का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। बाकी पता कर रहे हैं यदि उसकी सिक्योरिटी जब्त करने और एफआईआर दर्ज करवाने का भी कोई प्रावधान हुआ तो आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सरसों खरीद में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- सुरेश रविश, एसडीएम