सिरसा। सीआईए ऐलनाबाद ने गश्त व चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर डिंग क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास दो युवकों को 20 किलो 870 ग्राम गांजा सहित काबू किया है। आरोपियों की पहचान शिशुपाल सिंह व राज निवासी गांव नगंला, जिला इटावा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ करने पर उक्त युवकों ने बताया कि उक्त गांजा बिहार से लेकर आए थे और उसे सिरसा, डिंग व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने के फिराक में थे।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र के नेतृत्व में गश्त के दौरान डिंग मंडी क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस को सूचना मिली कि भावदीन टोल प्लाजा पर दो व्यक्तियों के पास नशीला पदार्थ है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भावदीन टोल प्लाजा पर दबिश दी तो दो व्यक्ति प्लास्टिक के कट्टे लेकर बैठे दिखाई दिए। दोनों युवक पुलिस को देखकर अचानक घबरा गए और खिसकने का प्रयास करने लगे। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों को काबू कर लिया। इस दौरान प्लास्टिक कट्टों की तलाशी ली तो उससे 20 किलो 870 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
विज्ञापन
गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों के खिलाफ थाना डिंग में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई।