सिरसा। जिले में मौसम में बदलाव और दिन-रात के तापमान में अंतर के कारण अलसुबह हल्की धुंध ने रेल सेवाओं को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। धुंध के चलते कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे विभाग ने मौसम में तापमान और धुंध को ध्यान में रखते हुए समय सारिणी में बदलाव किया था, लेकिन इसके बावजूद लंबी दूरी की ट्रेनें 10 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं। आने वाले दिनों में बढ़ती धुंध और कोहरे के कारण और भी ट्रेनें लेट होने की संभावना है। सिरसा में गोरखधाम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 10–15 मिनट की देरी से चल रही है।
यह ट्रेन सुबह 10:40 बजे पहुंचनी थी, लेकिन 10:52 बजे सिरसा स्टेशन पर पहुंची। जयपुर-बठिंडा एक्सप्रेस निर्धारित समय से 12 मिनट की देरी से सिरसा पहुंची और 17 मिनट की देरी से रवाना हुई। इसकी समय सारिणी अनुसार सिरसा पहुंचने का समय शाम 3:55 था, लेकिन ट्रेन 4:07 बजे पहुंची और 4:17 बजे रवाना हुई।
त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस एक घंटा 49 मिनट लेट
कई ट्रेनें एक घंटे या उससे अधिक की देरी से चल रही हैं। श्री गंगानगर एक्सप्रेस का सिरसा पहुंचने का समय शाम 6 बजे था, लेकिन यह ट्रेन खबर लिखे जाने तक 54 मिनट की देरी से चल रही थी और रात 7:04 बजे सिरसा पहुंची। इसी तरह त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस शनिवार को निर्धारित समय शाम 6 बजे के मुकाबले करीब एक घंटा 49 मिनट की देरी से चल रही थी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे धुंध और कोहरे को ध्यान में रखते हुए समय से पहले स्टेशन पहुंचें और अपने सफर में देरी की संभावनाओं को ध्यान में रखें।