सिरसा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं की टर्म- 2 बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुरू हो रही है। सीबीएसई टर्म- 2 परीक्षा में प्रत्येक पेपर के लिए दो घंटे का समय निर्धारित है। परीक्षा में ऑब्जेक्टिव और सब्जेक्टिव दोनों प्रश्न होंगे। इसके अलावा इस बार बोर्ड की तरफ से एक कक्षा में केवल 20 विद्यार्थियों को बैठाने की तैयारी है। कोरोना महामारी से पहले परीक्षाओं में एक कमरे में 24 विद्यार्थियों को बैठाया जाता था।
सीबीएसई की अधिकारिक वेबसाइट के ई-परीक्षा पोर्टल पर 10वीं और 12वीं टर्म- 2 परीक्षा के प्रवेश पत्र ऑनलाइन उपलब्ध है। विद्यार्थी अपने स्कूल से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। सीबीएसई टर्म- 2 बोर्ड परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल से किया जाना है। कक्षा 10वीं के लिए टर्म-2 परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल से 24 मई तक किया जाएगा। जबकि कक्षा 12वीं के लिए टर्म- 2 परीक्षा 26 अप्रैल से 15 जून तक आयोजित की जानी है। ऑफिशियल वेबसाइट पर परीक्षा की डिटेल शेडयूल उपलब्ध है। परीक्षा सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। लेकिन विद्यार्थियों को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9: 30 बजे तक रिपोर्ट करना होगा।
क्यूआर कोड होगा स्कैन
इस बार विद्यार्थियों के परीक्षाओं के लिए नए एडमिट कार्ड आए है। जो स्कूलों में ही उपलब्ध होंगे। वहीं इन एडमिट कार्ड पर क्यूआर कोड होगा। जिससे नकली परीक्षार्थियों को पहचानना आसान होगा। क्यूआर कोड को परीक्षा से पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले स्कैन किया जाएगा। कोड स्कैन करने के बाद ही विद्यार्थी को अंदर प्रवेश मिल सकेगा। सीबीएसई द्वारा ये गाइडलाइन पहली बार आई है।
सीबीएसई टर्म-2 एग्जाम गाइडलाइन
- कोरोना संक्रमण के केस में कमी को देखते हुए 20 विद्यार्थी कक्षा में बैठ सकेंगे।
- टर्म- 2 के प्रश्नपत्र अभिरक्षक- प्रबंधक को भेजे जाएंगे।
- परीक्षा सुचारू संचालन के लिए बोर्ड की ओर से तीन चरण सत्यापन प्रक्रिया होगी।
- परीक्षा केंद्र का पूरा कामकाज केंद्र अधीक्षक द्वारा ही संभाला जाएगा।
- दो घंटे की परीक्षा सुबह साढे़ 10 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक आयोजित होगी।
- छात्रों को निर्धारित केंद्रों पर सुबह साढ़े 9 बजे रिपोर्ट करना होगा और 10 बजे बैठना होगा।
- विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 20 मिनट का समय दिया जाएगा।
अभिभावकों के लिए जरूरी बात
सीबीएसई ने माता-पिता और छात्रों को सलाह दी है कि वे उन निर्देशों को पढ़े जो एडमिट कार्ड पर लिखे हैं। छात्रों द्वारा चुने गए विषयों की लिस्ट के साथ स्कूलों को प्रवेश पत्र प्रदान किए जाएंगे। फिर इन पर स्कूलों के प्रिंसिपल द्वारा हस्ताक्षर किए जाएंगे और छात्रों को सौंपे जाएंगे। बिना एडमिट कार्ड के किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
सीबीएसई बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए जरूरी गाइडलाइन जारी की है। सभी विद्यार्थियों को इन निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। वहीं विद्यार्थियों को स्कूल से ही एडमिट कार्ड लेना होगा। एडमिट कार्ड पर क्यूआर कोड होगा। जिसे स्कैन करने के बाद ही परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थी को प्रवेश मिलेगा।
-नीतू मदान, जिला को-ऑर्डिनेटर, सीबीएसई, सिरसा।