संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारी मात्रा में नकदी की आवाजाही शुरू हो गई है। इसकी गवाही बीते एक सप्ताह में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई दे रही है। पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक सप्ताह 17 लोगों से करीब 63 लाख रुपये बरामद किए हैं। वाहन चालक इसका रिकॉर्ड पुलिस के पास प्रस्तुत नहीं कर पाए हैं। यह राशि ट्रेजरी में जमा है। आयकर विभाग भी इस मामले में जांच में जुटा है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई राजनीतिक कनेक्शन सामने नहीं आया है।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला पुलिस की ओर से राजस्थान, पंजाब व साथ लगते जिलों की सीमाओं पर नाके लगाए हुए हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान किसी प्रकार का पैसों का लेनदेन न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। बाहर से आने व जाने वाले वाहनों की लगातार चेकिंग कर रही है और पुलिस के हाथ लोगों की नकदी भी लग रही है। 20 अक्तूबर को ऐलनाबाद, शहर सिरसा व डिंग पुलिस ने विभिन्न स्थानों से नौ लोगों के कब्जे से 33.5 लाख की नकदी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि ऐलनाबाद थाना पुलिस ने चेकिंग व नाकाबंदी के दौरान ने हरीश वासी मिठनपुरा से 9 लाख रुपये बरामद किए हे। इसके अलावा पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान विजय वासी ऐलनाबाद से 5.9 लाख रुपये, गणपति वासी सिलवाड़ा, राजस्थान से 2.61 लाख रुपये जब्त किए हैं । उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में शहर थाना सिरसा पुलिस ने चेकिंग के दौरान नागरिक अस्पताल सिरसा के पास से रविनाथ वासी नोहर राजस्थान के कब्जे से 1 लाख रुपये जब्त किए हैं। थाना सिरसा पुलिस ने देवीलाल वासी बनवाला सिरसा से 10 लाख 68 हजार रुपये, अजय पाल वासी हारनी खुर्द से 75 हजार रुपये और दिनेश कुमार वासी सी ब्लॉक सिरसा से 90 हजार रुपये जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डिंग थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान प्रकाश पुत्र राजपाल वासी डिंग से 76 हजार रुपये, मोहन वासी खचवाना, राजस्थान से 1.90 लाख रुपये की राशि जब्त की है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया है कि ये लोग नकदी के संबंध में कोई भी मौके पर पुख्ता सबूत पेश नहीं कर सके।
एक सप्ताह के दौरान पकड़ी गई नकदी
बरनाला रोड पर स्थित बाईपास पुल के पास कार से 2.19 लाख रुपये की नकदी बरामद।
रंगड़ी रोड पर बाइक सवार दो युवकों से 11 लाख 16 हजार 115 रुपये की राशि बरामद हुई।
एएनसी डबवाली स्टाफ ने चौटाला सीमा के पास नाका लगाकर राजस्थान के कार सवार युवक से 4.5 लाख रुपये किए जब्त
ऐलनाबाद पुलिस ने डबवाली रोड पर बाइक सवार एक व्यक्ति से से 4 लाख रुपये बरामद किए।
एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने हिसार रोड स्थित दिल्ली पुल के पास स्कोर्पियो सवार एक युवक से तीन लाख रुपये बरामद किए।
कागजात नहीं जमा करवाए तो आयकर विभाग में चलेगा केस
जिन लोगों के पास से नकदी मिलती है और वह इसका रिकॉर्ड नहीं दे पाते तो यह मामला आयकर विभाग में चलता है। इस दौरान पूरी जांच की जाती है। अगर संबंधित व्यक्ति रिकॉर्ड पेश नहीं कर पाता तो उस पर 125 फीसदी पैनल्टी लगती है। मान लीजिए कि किसी व्यक्ति से 3 लाख रुपये मिलते हैं और वह इसका रिकॉर्ड नहीं जमा करवा पाता तो उसके 3 लाख रुपये तो सरकारी खाते में जमा होंगे ही, साथ ही उसको ढाई लाख रुपये का टैक्स भी भरना होगा। इसके लिए बकायदा आयकर विभाग की ओर से संबंधित व्यक्ति को नोटिस भी जारी किया जाता है। - रितुन साहुवाला, सीए, सिरसा।
पुलिस की ओर से शहर के चारों ओर नाकेबंदी की गई है। इस दौरान गाड़ी चालकों से नकदी बरामद भी हो रही है। जो लोग इसका रिकार्ड जमा नहीं करवा पा रहे तो राशि को ट्रेजरी में जमा करवाया जा रहा है और आयकर विभाग को भी इसकी जानकारी दी जा रही है। - विक्रांत भूषण, एसपी सिरसा