संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। गांव फग्गू में पुरानी रंजिश में एक परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वर्तमान सरपंच सहित छह नामजद और 7-8 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव फग्गू निवासी रामचंद उर्फ रामा सेठ ने थाना रोड़ी में दी शिकायत में बताया कि उसके भाई कृष्ण कुमार का वर्तमान सरपंच रविंद्र पाल सिंह के साथ डेढ़ वर्ष से गली निर्माण पर विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में तीन जुलाई की रात करीब साढ़े दस बजे सरपंच रविंद्र पाल सिंह, शमशेर सिंह, मेहकदीप उर्फ मैकी, रणधीर सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ निक्का, नाथी सिंह व 7-8 अन्य लोग कार और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उनके घर पहुंचे।
रामचंद्र ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मुख्य गेट तोड़कर घर में घुस गए। इसके बाद ईंट-पत्थरों से खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और कार को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावर कस्सी, सब्बल, ईंट-पत्थर सहित अन्य हथियार लेकर आए थे।
घटना के दौरान उसके बेटे हरमंदर के पैर में ईंट लगने से चोट आई जिसका सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया। रोड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।