मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग, स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में रोष
वार्ड-13 के लोगों ने सोशल मीडिया पर एमसी से साझा किया दर्द
फोटो - 14,15
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के वार्ड-13 के लोग इन दिनों सीवरेज समस्या से परेशान हैं। जनसंवाद पोर्टल पर शिकायत करने के बाद बिना समाधान के शिकायतों को बंद किए जाने का दर्द लोगों ने एमसी के सामने सोशल मीडिया ग्रुप में साझा किया है। उन्होंने बताया कि समाधान में लापरवाही तथा जनसंवाद पोर्टल पर भ्रामक रिपोर्ट अपलोड कर आमजन की समस्या को हल करने के बजाय बढ़ाया जाता है।
शिकायतकर्ता राकेश कुमार व अन्य लोगों का आरोप है कि जब भी सीवरेज जाम होने की शिकायत की जाती है तो संबंधित कर्मचारी गुरप्रीत विभागीय अधिकारियों को संतुष्ट करने के लिए शिकायत के निस्तारण से एक दिन पहले अस्थायी रूप से सीवरेज लाइन चालू करवा देते हैं। इसके बाद समस्या के समाधान की रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेज दी जाती है जबकि कुछ ही समय बाद सीवरेज फिर से जाम हो जाता है। लोगों की परेशानी जस की तस बनी रहती है।
राकेश कुमार ने कहा कि कर्मचारी दीपक और विनोद नियमित रूप से क्षेत्र में आते हैं लेकिन औपचारिक निरीक्षण कर फट्टी मैनहोल में मारकर चले जाते हैं। सीवरेज लाइन की वास्तविक तकनीकी खामी दूर करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को लगातार गंदे पानी और सीवर ओवरफ्लो की समस्या झेलनी पड़ रही है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी शिकायत के संबंध में जनसंवाद पोर्टल पर गुरप्रीत द्वारा झूठी रिपोर्ट अपलोड करवाई गई है। उनका कहना है कि इसमें न केवल शिकायत का गलत निस्तारण दर्शाया गया बल्कि वास्तविक समस्या को भी छिपाने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता ने कहा कि वह इस पूरे मामले की शिकायत हरियाणा के मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री को भेजकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र की सीवर समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील की है।
अधिकारियों ने ये दिए हैं रिपोर्ट में तर्क
- एरिया में कई डेयरियां संचालित हैं। उस पर संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।
- सालों पहले आठ से 10 इंच की लाइन डाली गई थी जो मौके की आबादी के अनुसार सही नहीं है।
- मौके पर सीवरेज लाइन शुरू करवाई गई जिसका फोटो साथ संलग्न है।
कोट्स
लोगों ने अपनी समस्या सोशल मीडिया के माध्यम से सामने रखी है। उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन व एसई से बातचीत कर समाधान करवाएंगे। यदि कोई कर्मचारी गलत रिपोर्ट कर रहा है तो उस बारे में उन्हें अवगत करवाएंगे।
-मनीष कुमार, पार्षद वार्ड-13