संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। फतेहाबाद से सिरसा में शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे दो बाइक सवार भाइयों को कार ने टक्कर मार दी। कार चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। डायल 112 घायलों को नागरिक अस्पताल में लेकर आई। वहां से वह निजी अस्पताल में चले गए। सदर थाना पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फतेहाबाद के ग्रीन पार्क की अंजलि कॉलोनी निवासी गौरव कुमार पुत्र संत लाल ने बताया कि उसकी लाल बत्ती चौक फतेहाबाद में कन्फैक्शनरी की दुकान है। वह और उनके भाई कृष्ण दोनों दुकान चलाते हैं। 20 अप्रैल की रात को डबवाली रोड पर सिया रिजॉर्ट में शादी में आए थे। शादी में पिज्जा की स्टाल उनकी लगी थी। स्टाल लगाने वाला युवक पहले ही शादी में मौजूद था। दोनों भाई दुकान मंगल करने के बाद मोटरसाइकिल से सिरसा के लिए रवाना हुए। रात करीब एक बजे सिकंदरपुर पुल के ऊपर पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने सीधी उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों भाई सड़क पर मोटरसाइकिल सहित जा गिरे।
एक बार कार चालक ने कार रोकी, फिर भगाकर ले गए। इस दौरान कार का नंबर उसने नोट कर लिया और डायल 112 पर सूचित कर एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस नागरिक अस्पताल सिरसा ले आई। यहां से घरवाले उन्हें निजी अस्पताल में ले आए। जहां पर दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने युवक के बयानों के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।