सिरसा के बरनाला रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूल वैन को टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार चालक, हेल्पर और छह शिक्षिकाएं घायल हो गईं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिरसा। बरनाला रोड पर पुलिस लाइन के सामने वीरवार सुबह तेज रफ्तार कार ने स्कूल वैन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूल वैन सड़क किनारे खाली पड़े खोखे में जा घुसी। इससे वैन में सवार चालक, महिला हेल्पर व छह शिक्षिकाओं को चोटें आईं। राहगीरों व पुलिसकर्मियों ने घायलों को वैन से बाहर निकाला।
विज्ञापन
घायल शिक्षिकाओं ने रोते हुए परिजनों को फोन पर हादसे की सूचना दी। इसके बाद घरवाले मौके पर पहुंचे। घायलों को उनके घरवाले उपचार के लिए निजी अस्पताल में ले गए। मामूली चोटें आने की वजह से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। जिस कार ने स्कूल वैन को टक्कर मारी थी उसमें एक व्यक्ति व महिला सवार थी।
टक्कर से कार का अगले हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने टक्कर लगने के बाद कार को रोक दिया। चालक ने वहां मौजूद लोगों को बताया कि वह सरकारी स्कूल में टीचर है और कार में सवार होकर स्कूल जा रहा था। कार के ब्रेक फेल होने से यह हादसा हो गया। कार चालक ने घटना की माफी भी मांगी।
विज्ञापन
वैन में ये शिक्षिकाएं सवार थीं
द सिरसा स्कूल के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि वैन में चालक राजीव शर्मा, हेल्पर रजनी, टीचर रोजी बजाज, हरजीत कौर, नीरू धिंगड़ा, प्रिया, पूजा व दीप शिखा सवार थीं। इस मामले में हुडा चौकी पुलिस को शिकायत दी गई है। जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस के पास शिकायत आई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।