बडागुढ़ा। थाना क्षेत्र के गांव साहुवाला प्रथम निवासी अमरजीत सिंह नशे की बड़ी खेप सहित राजस्थान पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उससे बरामद नशे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। राजस्थान पुलिस उक्त तस्कर को रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।
हनुमानगढ़ (राजस्थान) की संगरिया पुलिस ने रतनपुरा से सालीवाला के बीच भारत माला पुल के निकट कार में सवार गांव साहुवाला प्रथम निवासी अमरजीत सिंह को रुकवाकर तलाशी ली तो उसके पास से दो किलो 16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
संगरिया थाने के जांच अधिकारी अमर सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी अमरजीत सिंह पेशे से एक किसान है और वह कीटनाशक के छिड़काव वाली मशीन चलाता है। उसका कोई बड़ा अपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं रहा है।
बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ सिरसा में एक आबकारी अधिनियम व एक धमकी देने सहित दो मामले दर्ज हैं। हालांकि, इससे पहले वह शराब बिक्री के छोटे-मोटे धंधे में संलिप्त रहा है। यह मामला सामने आने के बाद लोगों में इस बात की चर्चा है कि आखिर वह इतनी बड़ी मात्रा में कहां से नशा लेकर आया और वह कब से इस धंधे से जुड़ा हुआ है।